भास्कर न्यूज | कवर्धा कोतवाली थाना कवर्धा क्षेत्र के ग्राम लालपुर कला में रविवार शाम करीब 7.30 बजे नर्सरी के पीछे नदी किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शव का गला धारदार हथियार से रेता होना पाया गया है। वहीं एक कान भी कटा हुआ है। घटनास्थल से चाकू बरामद किया गया है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। डीएसपी कृष्ण कुमार के अनुसार मृतक के पास से मोबाइल फोन और पर्स नहीं मिले हैं, जिससे उसकी पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों में गुमशुदगी की जानकारी खंगाली जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। साथ ही आसपास के थानों में भी सूचना दी गई है। मुखबिरों को भी सक्रिय किए हैं।


