भास्कर न्यूज | बालोद भक्त माता कर्मा शासकीय कन्या महाविद्यालय बालोद में भौतिकी विभाग के तत्वावधान शनिवार को दैनिक जीवन में भौतिकी विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को यह समझाना था कि भौतिकी केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई है। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय राजनांदगांव के डॉ. शिवेन्द्र कुमार रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य प्रो. कलेंद्री रावटे के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं बौद्धिक कार्यक्रम छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास हेतु अत्यंत आवश्यक हैं। अपने व्याख्यान में डॉ. शिवेन्द्र कुमार ने सरल, सहज एवं रोचक शैली में दैनिक जीवन से जुड़े अनेक उदाहरणों के माध्यम से भौतिकी के सिद्धांतों को स्पष्ट किया। उन्होंने मोबाइल फोन, बिजली उपकरण, पंखा, रेफ्रिजरेटर, माइक्रोवेव ओवन, परिवहन साधन, एवं आधुनिक तकनीकी उपकरणों में प्रयुक्त भौतिकी के सिद्धांतों को बताते हुए कहा कि भौतिकी की समझ से न केवल तकनीक का सही उपयोग संभव होता है, बल्कि नवाचार, अनुसंधान एवं वैज्ञानिक सोच का भी विकास होता है। प्रश्नोत्तर सत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया: इस अतिथि व्याख्यान में बीएससी प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर गणित संकाय की छात्राओं ने विशेष रूप से सहभागिता की। प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान छात्राओं ने दैनिक जीवन से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर डॉ. शिवेन्द्र कुमार ने सरल ढंग से दिया।


