कोटा में प्रथम पारी की शिक्षक लेवल-2 की परीक्षा पूरी:इंग्लिश विषय में 92.52% रही उपस्थिति; दिव्यांग को व्हील चेयर नहीं मिली तो परिजनों ने सेंटर पर पहुंचाया

राजस्थान में शिक्षक बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों की अग्निपरीक्षा का सिलसिला लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को लेवल-2 शिक्षक भर्ती परीक्षा दो पारियों में आयोजित की गई। सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चली पहली पारी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिसमें 92.51 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जा रही है। उच्च प्राथमिक स्कूल शिक्षक सीधी भर्ती परीक्षा-2025 (लेवल-2) इंग्लिश के लिए कोटा में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कुल 4649 अभ्यर्थी इस परीक्षा में नामांकित थे, जिनमें से 4301 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 348 कैंडिडेट अनुपस्थित रहे। पुलिस जवानों ने अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से की चेकिंग नयापुरा के वोकेशनल सरकारी स्कूल परीक्षा केंद्र पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। यहां पुलिस जवानों ने मेटल डिटेक्टर से चेकिंग की। परीक्षा केंद्र के बाहर जैकेट, मेटल बटन वाले स्वेटर और जैकेट उतरवाए गए। साथ ही अभ्यर्थियों के जूते भी खुलवाकर पूरी तरह से चेक किया गया। दूसरी पारी की परीक्षा आज दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक उच्च प्राथमिक स्कूल शिक्षक सीधी भर्ती परीक्षा-2025 (लेवल-2) हिंदी विषय की परीक्षा के लिए 58 केंद्र हैं, जिनमें 34 सरकारी और 24 प्राइवेट स्कूल शामिल हैं। दूसरी पारी में 16,859 अभ्यर्थी शामिल होंगे। झालरापाटन से कोटा पहुंचे दिव्यांग अभ्यर्थी झालावाड़ की झालरापाटन से कोटा में शिक्षक भर्ती परीक्षा देने दिव्यांग अभ्यर्थी विकास पहुंचे थे। परीक्षा केंद्र के अंदर आने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए व्हीलचेयर या फिर अन्य कोई व्यवस्था नहीं की गई। इस दौरान परिजन ही परीक्षा केंद्र के अंदर तक दिव्यांग अभ्यर्थियों को छोड़कर आए। परीक्षा केंद्रों पर 4-4 पुलिसकर्मी तैनात परीक्षा की सुरक्षा के लिए हर केंद्र पर 4-4 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर द्वारा अधिकृत फर्म ने सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। फर्म ही हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) से फिरिस्किंग और बायोमेट्रिक व्यवस्था संभाल रही है। निगरानी के लिए 10 सतर्कता दल गठित किए गए हैं, जिनमें प्रत्येक दल में एक आरएएस अधिकारी, एक आरपीएस अधिकारी और एक शिक्षा विभाग का अधिकारी शामिल है। 20 जनवरी को प्रथम पारी में लेवल-1 संस्कृत की होगी परीक्षा 20 जनवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक प्राथमिक स्कूल शिक्षक सीधी भर्ती परीक्षा-2025 (लेवल-प्रथम) संस्कृत विषय की परीक्षा के लिए 6 केंद्र बनाए गए हैं, जो सभी सरकारी स्कूलों में हैं। इसमें 1,536 अभ्यर्थी बैठेंगे। 20 जनवरी को दूसरी पारी में लेवल-2 संस्कृत की होगी परीक्षा 20 जनवरी को दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक उच्च प्राथमिक स्कूल शिक्षक सीधी भर्ती परीक्षा-2025 (लेवल-द्वितीय) संस्कृत विषय की परीक्षा के लिए 15 केंद्र हैं, जो सभी सरकारी स्कूलों में हैं। इसमें 3,744 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *