ब्यावर के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल मालीपुरा में शनिवार को हुई दुर्घटना के बाद सोमवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। बच्चों के परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल के गेट पर धरना प्रदर्शन कर स्कूल को खुलने नहीं दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शनिवार को स्कूल के अध्यापकों की लापरवाही के कारण पांच बच्चों को चोटें आई थीं। इसी घटना के विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि घटना के लिए जिम्मेदार लापरवाह अध्यापकों को तत्काल निलंबित किया जाए। इसके साथ ही घायल बच्चों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और उनके इलाज में कोई लापरवाही न बरती जाए। घटना की सूचना मिलते ही जवाजा की ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कविता मौर्य और अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कैलाश मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्कूल को खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन, छात्र और ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। करीब तीन घंटे से अधिक समय तक स्कूल बंद रहा और शैक्षणिक कार्य ठप रहा। जानकारी के अनुसार प्रशासन ने मालीपुरा स्कूल के तीन अध्यापकों को व्यवस्थार्थ जालियां स्कूल में स्थानांतरित किया है। हालांकि, प्रदर्शनकारी इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं और सीधे निलंबन की मांग पर अड़े हुए हैं।


