धौलपुर के सैंपऊ थाना क्षेत्र में तसीमो के पास पार्वती पुल पर सोमवार दोपहर को एक सड़क हादसा हुआ। NH-123 पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई, जिससे उसके नीचे दबकर ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान भरतपुर जिले के अघापुर निवासी महेंद्र सिंह कुशवाह के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क के बीचों-बीच पलट गई, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही सैंपऊ थाना प्रभारी (CI) प्रमेन्द्र रावत और सहायक उपनिरीक्षक (ASI) अजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। हादसे के कारणों की जांच जारी है।


