झालावाड़ में सुनेल पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 किलो 272 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया। जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस टीम ने गश्त के दौरान सुनेल में भवानीमंडी रोड पर आहू नदी की पुलिया के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश कुमार (33) पुत्र कन्हैयालाल मेघवाल के रूप में हुई है। वह मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के मानपुरा थाना क्षेत्र स्थित पिपल्दा का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध गांजा बरामद किया गया। यह कार्रवाई सुनेल थाना प्रभारी सीआई विष्णु सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


