राजस्थान पैरा कबड्डी टीम विशाखापत्तनम रवाना:तीसरी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लेगी भाग, 21 से 26 जनवरी तक होगा आयोजन

तीसरी नेशनल पैरा कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए राजस्थान की टीम मंगलवार को हनुमानगढ़ से बिशाखापत्तनम के लिए रवाना हुई। यह प्रतियोगिता 21 से 26 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। पिछली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान की टीम उपविजेता रही थी और इस बार भी टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। टीम की रवानगी से पहले टाउन स्थित शहीद स्मारक परिसर में एक विशेष कार्यक्रम और प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। शहीद स्मारक के संस्थापक शंकर सोनी के सान्निध्य में आयोजित इस शिविर में राजस्थान के विभिन्न जिलों से चयनित 14 दिव्यांग कबड्डी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। शिविर के दौरान खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार किया गया। विदाई कार्यक्रम में चयनित खिलाड़ियों को आने-जाने का रेलवे किराया उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में हनुमानगढ़ विधायक गणेशराज बंसल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि तरुण विजय विशिष्ट अतिथि थे। समाजसेवी जितेन्द्र गुप्ता (जयपुर) ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस मौके पर डॉ. सुरेश बाजिया, सागरमल लड्डा, प्रिंसिपल सुखदेव, आशीष शेखावत जयपुर, नवीन अग्रवाल, मनजीत सिंह, कोच बसंत सिंह मान और अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी विक्रम सिंह मान सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। राजस्थान टीम के इंचार्ज और अर्जुन अवॉर्डी जगसीर सिंह ने कहा कि पैरा कबड्डी दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। विधायक गणेशराज बंसल ने खिलाड़ियों को हर स्तर पर सहयोग का आश्वासन दिया। तरुण विजय ने विश्वास व्यक्त किया कि राजस्थान टीम इस बार भी शानदार प्रदर्शन करेगी। आयोजन सचिव संदीप कौर ने इस प्रतियोगिता को खिलाड़ियों के सपनों को साकार करने का अवसर बताया। राही सोशल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष योगेश कुमावत ने जानकारी दी कि जनसहयोग से खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *