पंच गौरव महोत्सव से सलूंबर पर्यटन को मिला बढ़ावा:जयसमंद झील में नौकायन, ट्रैकिंग में उमड़ा जनसैलाब

सलूंबर जिले के पर्यटन विकास को नई गति देने की दिशा में आयोजित पंच गौरव महोत्सव जिले के लिए मील का पत्थर सिद्ध होता नजर आ रहा है। ऐतिहासिक,प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध सलूंबर जिले में आयोजित इस महोत्सव के विविध आयोजनों ने पर्यटन क्षेत्र को मजबूत आधार प्रदान किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा प्रदेशभर में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे उत्सवों और कार्यक्रमों की श्रृंखला में पंच गौरव महोत्सव अपनी सशक्त भूमिका निभा रहा है।इससे उम्मीद की जा रही है कि प्रचुर मीठे पानी,हरियाली और रमणीय प्राकृतिक स्थलों से परिपूर्ण सलूंबर जिले में पर्यटकों की आवाजाही में उल्लेखनीय वृद्धि होगी,जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन से जुड़े रोजगार को भी बल मिलेगा। पाल से रूठी रानी महल तक ट्रैकिंग पंच गौरव महोत्सव पर जयसमंद झील की पाल से रूठी रानी महल तक ट्रैकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।ट्रैकिंग की शुरुआत पुलिस अधीक्षक राजेश यादव एवं उपखंड अधिकारी आकांक्षा दूबे के नेतृत्व में हुई।इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारी,जिला स्तरीय प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।प्राकृतिक सौंदर्य से सराबोर जयसमंद क्षेत्र में आयोजित ट्रैकिंग ने पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन संभावनाओं के प्रति जनजागरूकता का संदेश भी दिया। नौकायन प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केन्द्र सलूम्बर जिले की प्रसिद्ध मीठे पानी की जयसमंद झील में आयोजित नौकायन प्रतियोगिता ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।मीलों तक फैले जल क्षेत्र में लहरों पर दौड़ती नौकाओं ने रोमांचक दृश्य प्रस्तुत किया। पुलिस अधीक्षक राजेश यादव एवं एसडीएम आकांक्षा दूबे ने नौकायन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।उत्साही नाविकों ने प्रतियोगिता में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया। खेल विभाग की टीम के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक जयसमंद की पाल पर उमड़ पड़े और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *