अजमेर में एक नवविवाहित महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला की 3 महीने पहले शादी हुई थी। उसके परिजन ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया। गंज थाना क्षेत्र में लौंगिया मोहल्ला निवासी मुस्कान (22) ने रविवार को फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। गंज थाना पुलिस ने पीहर पक्ष की मौजूदगी में सोमवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। गला दबाकर हत्या करने का आरोप
पीहर पक्ष की ओर से ससुराल पर प्रताड़ित कर गला दबाकर मुस्कान की हत्या करने का आरोप लगाया है। पीहर पक्ष की ओर से गंज थाना पुलिस से शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। गंज थाना पुलिस के अनुसार लौंगिया मोहल्ला निवासी मुस्कान (22) पत्नी समीरा के सुसाइड का मामला सामने आया है। ससुराल वाले फंदे से उतार कर मुस्कान को जेएलएन अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार 3 महीने पहले ही उसकी शादी समीर नाम के व्यक्ति से हुई थी। मेडिकल बोर्ड से सोमवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सुपुर्द किया गया। मामले में अनुसंधान जारी है। ससुराल पक्ष पर बेटी को नहीं मिलने देने का भी आरोप
मृतका मुस्कान के पीहर पक्ष ने आरोप लगाया कि उसकी ननद ने फोन कर सूचना दी कि मुस्कान ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब वे अस्पताल पहुंचे तो उससे पहले ही बॉडी को मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया। बाद में उसके ससुराल वाले वहां से निकल गए। पीहर पक्ष ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को शादी के बाद से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्हें शक है कि ससुराल वालों ने मुस्कान का गला दबाकर उसकी हत्या की है। उनकी बेटी को शादी के बाद से मिलने भी नहीं दिया गया था। शादी के समय दहेज में सोने-चांदी के जेवरात भी लिए थे। पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर कार्रवाई की मांग की है।


