डीग जिले में सहकारिता समितियों को मजबूत करने और किसानों को खाद्य-बीज तथा भंडारण की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्टर उत्सव कौशल की अध्यक्षता में पंचायत समिति सभागार में हुई इस बैठक में सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे किसान तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में गोदाम निर्माण और जीर्णोद्धार को मंजूरी दी गई। जिले में अनाज और उर्वरक भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए डीग क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड हेतु 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट का प्रशासनिक अनुमोदन किया गया। यह गोदाम बजट घोषणा 2025-26 के तहत स्वीकृत है। इसके अतिरिक्त, बहज और कासौट ग्राम सेवा सहकारी समितियों के जर्जर हो चुके गोदामों के पुनर्निर्माण प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि समितियों की कार्यक्षमता बढ़ाई जा सके। सहकारिता के दायरे को बढ़ाने के लिए पहाड़ी ब्लॉक की खेडली गुमानी ग्राम सेवा सहकारी समिति के गठन के प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया। समिति ने सभी विभागीय मापदंड पूरे कर लिए हैं और अब इसे पंजीकरण के लिए सक्षम स्तर पर भेजा जाएगा। कृषि में मशीनीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंचायत समिति कामां की नौनेरा ग्राम सेवा सहकारी समिति में कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श हुआ। इससे स्थानीय किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र कम दरों पर उपलब्ध हो सकेंगे। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मोहन सिंह फौजदार, सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समितियां रामावतार सिंह, उपनिदेशक कृषि विभाग, जिला रसद अधिकारी, तथा कृषि विभाग और डीसीसीबी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


