जालोर में तालाब का दूषित पानी कॉलोनियों में बह रहा:लोग बोले- जलभराव से हालात बिगड़े; मुख्य सचेतक और एसडीएम से कार्रवाई की मांग

नगर परिषद जालोर के वार्ड संख्या 38 और 40 स्थित तालाब में लगातार सीवरेज का गंदा पानी गिरने से क्षेत्रवासी परेशान है। हल्देसर महादेव के पीछे की कॉलोनी, ज्योतिबा फुले नगर, आईटीआई कॉलोनी, पारणिया नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में तालाब के ओवरफ्लो का दूषित पानी फैलने से जल भराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। इससे नाराज लोगों ने सोमवार को जालोर एसडीएम मनोज कुमार व मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग को ज्ञापन देकर समाधान की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है- तालाब के ओवरफ्लो पानी की उचित निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदा पानी घरों, गलियों और सड़कों पर फैल रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे आमजन का आवागमन बाधित हो रहा है और स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। तालाब व कॉलोनियों में जमा दूषित पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। लंबे समय से जलभराव रहने के कारण कॉलोनियों की सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिनकी मरम्मत अब तक नहीं की गई। नगर परिषद को कई बार कराया अवगत
मोहल्लेवासियों ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर नगर परिषद जालोर को कई बार अवगत करवाया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। इससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। 10 दिन का अल्टीमेटम दिया
मोहल्लेवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे स्वयं राशि एकत्रित कर तालाब के ओवरफ्लो को रोकने के लिए रेत डालने को मजबूर होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *