रीवा-सीधी मार्ग (NH-39) पर गुढ़वा बाईपास के पास सोमवार रात एक तेज रफ्तार बल्कर ने बाइक सवार दो युवकों को चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। दोनों युवक रिश्ते में साढ़ू थे और पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहे थे। पुलिस ने मौके से बल्कर को जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक सोमवार रात गुढ़वा स्थित पेट्रोल टंकी से पेट्रोल भरवाने के बाद बाइक से अपने गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गुढ़वा बाईपास के पास तेज रफ्तार बल्कर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक की जान चली गई। मृतक और घायल रिश्ते में साढ़ू हादसे में मृतक की पहचान नंदलाल यादव निवासी बेनीपुरवा (थाना गुढ़) के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक उमरिहा (थाना गुढ़) का निवासी बताया जा रहा है। ये दोनों युवक आपस में रिश्ते में साढ़ू लगते थे। बल्कर जब्त, घायल SGMH रेफर घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल बल्कर को जब्त कर लिया। घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल (SGMH) रीवा भेजा गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।


