रीवा के सेमरिया में सोमवार शाम विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने गोवंश की हड्डियों से लदे एक ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक में भारी मात्रा में हड्डियां होने की जानकारी मिलने पर कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध और नारेबाजी की, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। विहिप कार्यकर्ताओं का आरोप है कि गोवंश की हड्डियों का परिवहन बिना वैध दस्तावेजों के किया जा रहा था। इसे गौ-आस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए उन्होंने ट्रक को रोक लिया। मौके पर नारेबाजी होने से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर शांत कराया। नागौद ले जाई जा रही थीं हड्डियां प्रारंभिक पूछताछ में ट्रक ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि वह इन हड्डियों को नागौद स्थित एक फैक्ट्री में लेकर जा रहा था। ट्रक का मालिक प्रेमलाल साकेत है, जिसे पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया है। गोवंश की हड्डियां होने के एंगल से जांच सेमरिया थाना प्रभारी विकास कपीस ने बताया कि ट्रक में पशुओं की हड्डियां भरी हुई हैं। ये हड्डियां गोवंश की हैं या नहीं, पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। फिलहाल हड्डियों के स्रोत, परिवहन से जुड़े दस्तावेज और फैक्ट्री से संबंधित जानकारी की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


