अलवर के MIA थाना क्षेत्र के चोरोटी पहाड़ गांव में सोमवार रात करीब साढ़े 7 बजे भैरू बाबा मंदिर के पुजारी योगी निरंजन नाथ से मिलने आए वाल्मीकि समाज के दो-तीन युवकों की पिटाई कर दी। मारपीट करने वाले गांव के ही लोग हैं। पुजारी योगी निरंजन नाथ का आरोप है कि कुछ लोग मंदिर की जगह को हड़पना चाहते हैं। वे चाहते हैं पुजारी को यहां से निकाल दें। आने वाले भक्तों से आए दिन बदतमिजी करते हैं। मारपीट की शिकायत एमआईए थाना पुलिस को दी है। योगी निरंजन नाथ ने बताया कि चोरोटी पहाड़ी दह पहाड़ी में भैरू बाबा मंदिर है। वे करीब 8 सालों से मंदिर में रहते हैं। सोमवार देर शाम को अलवर से वाल्मीकि समाज के दो तीन भक्त उनके पास आए थे। जिनमें रिंकू, अर्जन, विशाल, अभिषेक शामिल थे। उनके आने पर बाद सब्जी रोटी बनाकर खाने की तैयारी में थे। तभी मंदिर के नीचे रहने वाले कजोड़मल, पप्पू, राहुल व मोतीलाल आ गए। आते ही युवकों से मारपीट शुरू कर दी। कहा कि वाल्मीकि समाज के लोगाें को मंदिर में क्यों बुलाया। हालांकि निरंजन नाथ का कहना है कि यह परिवार उसे कई सालों से परेशान करने में लगा है। पहले भी कई बार अभद्र व्यवहार कर चुके हैं। पहले उसके यहां लगाए गए पेड़ पौधों तोड़ दिया था। उसकी भी पुलिस को रिपोर्ट दे रखी है। अब भक्तों से मारपीट की है। भक्त रिंकू की पीठ पर मारपीट के निशान हैं। लाठी व डंडों से मारपीट की है। इस मामले में एमआईए पुलिस का कहना है कि अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद जांच की जाएगी।


