बाड़मेर में एक वकील को बंधक बनाकर मारपीट की और फिर उसे जूतों की माला पहना दी। घटना का वीडियो सामने आया है। मामला चौहटन थाना इलाके का शनिवार रात का है। वकील ने एक महिला और उसके पति पर ब्लैकमेलिंग, हनीट्रैप व बंधक बनाने के आरोप लगाए हैं। चौहटन डीएसपी जेठाराम जयपाल ने बताया- वकील की रिपोर्ट के आधार पर महिला और उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया- इससे पहले 17 जनवरी की रात को महिला के घरवालों की शिकायत पर वकील और उसके भाई को शांति भंग के आरोप में पकड़ा गया था। उन्हें रविवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। उधर, महिला ने वकील के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करवाया है। महिला ने आरोप लगाया कि एक केस को लेकर उसकी वकील से मुलाकात हुई थी। एक दिन कार में वकील ने उसके साथ रेप किया और फोटो खींचकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। अश्लील फोटो खींच ब्लैकमेल किया, 1.19 लाख रुपए लिए
वकील ने अपनी रिपोर्ट में बताया- 7-8 महीने पहले एक महिला और उसका पति मेरे पास आए थे। उन्होंने खेत का रास्ता खुलवाने के लिए उनका केस लेने की बात कही। फीस लेकर केस लिया गया। चौहटन और रामसर उपखंड में दावे पेश किए गए। अलग-अलग दावे होने पर मैंने 10 हजार रुपए अतिरिक्त मांगे, जिसके बाद दिसंबर 2025 में मुझे चौहटन बुलाया गया। वकील का आरोप है कि चौहटन बुलाने के बाद महिला ने मुझ पर अवैध संबंध बनाने का दबाव बनाया और अश्लील फोटो खींच लिए। इसके बाद समाज में बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया और रुपए की मांग की गई। रिपोर्ट के अनुसार दिसंबर और जनवरी में वकील ने ब्लैकमेलिंग के चलते फोन-पे के जरिए कुल 1 लाख 19 हजार रुपए महिला को दिए। घर बुलाकर बंधक बनाया, 2 लाख रुपए मांगे
वकील ने आरोप लगाया कि 17 जनवरी को महिला ने फिर मुझे चौहटन स्थित अपने घर बुलाया। वहां कमरे में महिला, उसका पति, भतीजा, ससुर और अन्य लोगों ने मिलकर मुझे बंधक बना लिया। हाथ बांधकर रुपए की मांग की गई। मना करने पर जेब से 12 हजार रुपए निकाल लिए। इस दौरान फोटो और वीडियो बनाए गए। 2 लाख रुपए की डिमांड की गई। वकील का आरोप है कि आरोपियों ने उसे जूतों की माला पहनाई। धक्का-मुक्की की और धमकाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला ने वकील के खिलाफ दर्ज कराया रेप का मामला
ASP नीतेश आर्य ने बताया- वकील के मामला दर्ज कराने के बाद सोमवार को महिला ने उसी वकील के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करवाया है। महिला का आरोप है कि कोर्ट में अपने एक केस के संबंध में उसकी वकील से मुलाकात हुई थी। एक ही जाति के होने के कारण उसने वकील पर भरोसा कर लिया। महिला ने बताया- चौहटन जाते समय कार में वकील ने उसके साथ रेप किया और फोटो खींचकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। इसके बाद 17 जनवरी की रात वकील घर आया और कमरे में ले जाकर रेप करने की कोशिश की। शोर मचाने पर पति और रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपी वकील और उसके भाई को हिरासत में ले लिया है।


