भास्कर न्यूज | अंबिकापुर अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, छत्तीसगढ़ इकाई की तृतीय बैठक सोमवार को होटल माखन विहार में आयोजित की गई। बैठक में सरगुजा संभाग के सभी जिलों के अग्रवाल संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और समाज की मजबूती के लिए विभिन्न विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने समाज को संबोधित करते हुए संवेदनशील मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, हमें समाज के उन लोगों को पहचान कर आगे बढ़ाने की जरूरत है जिनके पास अपना घर नहीं है और जो किराए के मकानों में रह रहे हैं। उन्होंने सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे ऐसे परिवारों की मदद के लिए ठोस पहल करें ताकि समाज का सर्वांगीण विकास हो सके। बैठक में सामाजिक कुरीतियों और आधुनिक दिखावे पर भी चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल ने प्री-वेडिंग शूट, आडंबर और शादी-ब्याह में होने वाली फिजूलखर्ची से बचने की सलाह दी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल ने हम सुधरेंगे युग सुधरेगा का नारा देते हुए बेटियों की शिक्षा और उनके संस्कारों पर जोर दिया। मुख्य संरक्षक चरण सिंह ने कहा कि अग्रवाल समाज हमेशा सर्व समाज के कल्याण की सोच रखता है। जब सभी के पास संसाधन होंगे, तभी व्यापार और समाज उन्नति करेगा। विशिष्ट अतिथि अजय अग्रवाल ने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि संगठित रहने से ही बाहरी चुनौतियों का सामना किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश महामंत्री मुरलीधर अग्रवाल और कोषाध्यक्ष अशोक गोयल ने पिछले सत्र के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया।


