मारवाड़ी महिला कॉलेज लेन में भारी विरोध के बीच निगम की टीम ने हटाई फास्ट फूड गुमटी शहर को स्वच्छ, जाम-मुक्त एवं अतिक्रमण-मुक्त बनाए रखने के अभियान के तहत निगम की इन्फोर्समेंट टीम द्वारा सोमवार को शहर के अत्यंत व्यस्त एवं प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र अपर बाज़ार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इसके तहत शहीद चौक से कोतवाली थाना होते हुए टेलीफोन एक्सचेंज (बीएसएनएल कार्यालय), रंगरेज गली स्थित निगम पार्किंग, पुस्तक पथ एवं गांधी चौक तक सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम को अपर बाजार के मारवाड़ी महिला कॉलेज लेन से अतिक्रमण हटाने को लेकर काफी मशक्कत करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे लगने वाले दो अस्थाई फॉस्ट फूड सहित अन्य दुकानों को पहले ही हटा लेने का निर्देश दिया गया था। मगर लोगों ने नहीं हटाए। सोमवार को जब टीम वहां पहुंची तो पहले एक गुमटी को तोड़ दिया गया। जबकि फॉस्ट फूड की दूसरी गुमटी को हटाने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बुलडोजर भी पहुंच चुका था। इस दुकान के मालिक ने आधे घंटे का समय मांगा। टीम ने निवेदन के बाद समय दे दिया। मगर ढाई घंटे बाद भी नहीं हटाया। इसके बाद टीम ने सख्ती की। तब वही दुकानदार भड़क गए, टीम के साथ बदतमीजी की। गाली-गलौज एवं हाथा-पाई पर उतर आए। टीम को मारने के लिए पत्थर तक उठा लिया। दुकानदार बार-बार टीम को धमकी देता रहा। अंतत: हाथ से धकेल कर उस फास्ट फूड की दुकान को हटाना पड़ा।


