फर्जी नामांकन करने वाले शिक्षक के निलंबन की तैयारी, स्टूडेंट नहीं होने से शिक्षिका को भी दूसरी स्कूल में लगाया

अलवर| राजगढ़ ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामसर पलवा में सामने आए फर्जी नामांकन मामले में शिक्षा विभाग ने दोषी शिक्षक के निलंबन का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। लेकिन वर्तमान में शिक्षक की बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) ड्यूटी लगी होने के कारण निलंबन की कार्रवाई अटक गई है। डीईओ प्रारंभिक ने शिक्षा निदेशालय के निर्देश पर निलंबन प्रस्ताव बनाकर स्वीकृति के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के पास फाइल भेजी है। साथ ही उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम मुकेश कायथवाल से भी संपर्क किया गया। दूसरी ओर पलवा स्कूल में छात्र अंकित का नामांकन फर्जी पाए जाने के बाद स्कूल का नामांकन शून्य हो गया है। इसके चलते स्कूल में कार्यरत शिक्षिका प्रियंका कुमारी मीना को दूसरी स्कूल में लगाया गया है। इस संबंध में सीबीईओ राजगढ़ लीलावती मीणा ने आदेश जारी किए हैं। शिक्षिका को आगामी आदेश तक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पलवा में लगाया गया है। गौरतलब है कि दैनिक भास्कर की पड़ताल में जिले के दो सरकारी स्कूलों में फर्जी नामांकन का मामला सामने आया था। इसके बाद शिक्षा विभाग ने जांच कमेटी गठित की थी। जांच में सरकारी स्कूलों में फर्जी नामांकन होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई शुरू की गई। ^पलवा स्कूल की जांच रिपोर्ट शासन सचिवालय और शिक्षा निदेशक को भेजी गई थी। वहां से शिक्षक के निलंबन के निर्देश मिले हैं, लेकिन बीएलओ ड्यूटी के कारण फिलहाल निलंबन नहीं हो पाया है। – देवेंद्र सिंह, डीईओ प्रारंभिक

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *