भास्कर संवाददाता| बैतूल मोहदा क्षेत्र में हुए अंधे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपियों ने हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की थी, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और सटीक विवेचना के जरिए पुलिस ने पूरी साजिश उजागर कर दी। आरोपियों ने जिरुढाना िनवासी लब्बू पिता सुकु यादव (45) की हत्या कर सड़क हादसा बताने के लिए शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया था। उसके ऊपर बाइक रख दी। पुलिस के अनुसार 14 जनवरी को जड़िया और रोजड़ीखेड़ा गांव के बीच पुलिया के पास शव मिला था। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर घटनास्थल को सुरक्षित किया गया। सीन ऑफ क्राइम यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर पर धारदार हथियार से किए गए 5-6 गहरे वार पाए गए, जिससे मौत का कारण हत्या होना स्पष्ट हुआ। विवेचना के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी कविता यादव के पति की मृत्यु 6-7 माह पहले हो चुकी थी और मृतक उस पर गलत नियत रख उसे लगातार परेशान करता था। इसी से तंग आकर कविता यादव ने अपने देवर और पड़ोसियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के तहत मृतक को सांगवानी स्थित खेत की टप्पर पर बुलाया गया, जहां पहले से मौजूद सह-आरोपी राजू यादव, संतोष यादव और रामप्रसाद यादव ने कुल्हाड़ी और पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया और उसके ऊपर बाइक रख दी, ताकि मामला सड़क हादसा लगे। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक अवैध संबंध के लिए बना रहा था दबाव लब्बू यादव कविता पर अवैध संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था। वह महिला को गलत नियत से परेशान करता था। मृतक को शक था कि महिला का गांव के दो लोगों से अवैध संबंध है। मृतक महिला को इन दो लोगों के साथ अवैध संबंध की बात को लेकर ब्लैकमेलिंग कर अवैध संबंध बनाने के लिए परेशान कर रहा था। महिला ने अपने देवर और गांव में जिन लोगों से लब्बू से पूर्व में विवाद चल रहे थे। उनके साथ लब्बू की हत्या की योजना बनाई। महिला ने लब्बू से 1 सप्ताह मोबाइल पर बात की और उसे मिलने खेत पर बुलाया। जहां पहले से उसका देवर और अन्य आरोपी मौजूद थे। इन्होंने मिलकर लब्बू की हत्या कर दी।


