दिल्ली पुलिस ने कश्मीरी गेट इलाके से किडनैप 3 साल की बच्ची को सकुशल बरामद कर चाइल्ड ट्रैफिकिंग की कोशिश नाकाम कर दिया। पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये बच्ची को नेपाल ले जाने की तैयारी में थे। पुलिस ने बताया कि सभी एक ही परिवार के हैं और भीख मांगते हैं। बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट 12 जनवरी को दर्ज कराई गई थी। आज की अन्य बड़ी खबरें… असम में AIUDF के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी कांग्रेस असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने रविवार को साफ किया कि असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस बदरुद्दीन अजमल की अगुवाई वाली AIUDF से चुनावी गठबंधन नहीं करेगी। गोगोई ने कहा- लोकसभा चुनाव में AIUDF की हार के बाद कांग्रेस के साथ गठबंधन की उसकी उम्मीदें गलत हैं। कांग्रेस अन्य विपक्षी दलों के साथ मिलकर चुनावी रणनीति तैयार कर रही है। केरल में छेड़छाड़ के आरोप वाला वीडियो वायरल होने के बाद व्यक्ति ने सुसाइड किया केरल के कोझिकोड में छेड़छाड़ के आरोप वाला वीडियो वायरल होने पर 40 साल के व्यक्ति ने सुसाइड कर लिया। एक महिला ने वीडियो शेयर किया था, जिसमें उसने व्यक्ति पर उससे बस में छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। वीडियो को 20 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति शव उसे घर में लटका मिला था। पीड़ित परिवार ने कहा कि महिला के लगाए आरोप के बाद से बेटा मानसिक तनाव में था। राजनाथ सिंह ने नागपुर में गोला-बारूद यूनिट का उद्घाटन किया रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने महाराष्ट्र के नागपुर में सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड की मीडियम कैलिबर गोला-बारूद फैक्ट्री का उद्घाटन किया। यहां 23 mm से 40 mm तक के गोले बनाए जाएंगे। इसके अलावा राजनाथ ने पिनाका रॉकेट की पहली खेप को अर्मेनिया के लिए रवाना किया। इस दौरान रक्षामंत्री ने कहा कि यह भारत की बढ़ती डिफेंस एक्सपोर्ट ताकत को दिखाता है। दिल्ली परिवहन निगम की बसों से 2024-25 में 150 सड़क हादसे, 21 लोगों की मौत सरकारी आंकड़ों के मुताबिक साल 2024-25 में दिल्ली परिवहन निगम (DTC) बसें करीब 150 सड़क हादसों में शामिल रहीं। इनमें लगभग 40 हादसे जानलेवा रहे। DTC की बसों से 97 हादसे हुए, जिनमें 21 लोगों की मौत हुई। इन दुर्घटनाओं में यात्रियों और पैदल चलने वालों को चोटें आईं। हादसों के पीछे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन, बस लेन की कमी, तेज रफ्तार, ड्राइवरों का ठीक से ट्रेंड न होना और तकनीकी खराबियां मुख्य कारण रहीं। इसके साथ ही क्लस्टर बसें भी 50 हादसों में शामिल रहीं। इनमें से 20 हादसे जानलेवा थे। केरल के पलक्कड़ में मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरे, कई पैसेंजर ट्रेनें हुई लेट केरल के पलक्कड़ में रविवार सुबह करीब 11.30 बजे एक मालगाड़ी के कुछ पहिए पटरी से उतर गए। इससे कई पैसेंजर्स ट्रेनें लेट हो गईं। दोपहर करीब 12.50 बजे पहियों को दोबारा पटरी पर चढ़ाया गया, जिससे करीब 1 बजे से यात्री ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू हो गईं। रेलवे यात्री संघों के सदस्यों ने बताया कि कुट्टिपुरम और पट्टाम्बी स्टेशनों के बीच स्थित पल्लिपुरम स्टेशन से गुजरने वाली चार यात्री ट्रेनें लगभग एक घंटे की देरी से चलीं। ओडिशा के भुवनेश्वर में शराबी ने रेलवे ट्रैक पर हंगामा किया, अमृत भारत एक्सप्रेस रोकी गई ओडिशा के भुवनेश्वर में नशे में धुत आदमी ने रविवार को रंगापानी-नागरकोइल अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन रुकवा दी। दरअसल शराबी ट्रैक पर ट्रेन के सामने आ गया था। उसने यहां जमकर हंगामा किया। बाद में RPF ने लक्ष्मीसागर इलाके के रहने वाले पी अप्पना राव (38) को हिरासत में लिया और ट्रेन को रवाना किया। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में मुठभेड़, सिंघपोरा के जंगलों में छिपे जैश के आतंकी जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ के जंगलों में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक अधिकारियों ने बताया कि चतरू इलाके में मंडराल-सिंघपोरा के पास सोनार गांव में दोपहर के आसपास घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान गोलीबारी शुरू हुई।
यहां जैश के आतंकियों के छिपे होने की संभावना है। इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं। दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो की फ्लाइट में बम की अफवाह, टॉयलेट में टिशू पेपर पर मैसेज लिखा मिला, लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो की फ्लाइट में रविवार को बम की अफवाह फैल गई। फ्लाइट के टॉयलेट में एक टिशू पेपर पर प्लेन में बम होने की बात लिखी थी। जिसके बाद लखनऊ में फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। प्लेन में पायलट और क्रू-मेंबर्स के साथ कुल 238 पैसेंजर सवार थे। फिलहाल विमान की तलाशी ली जा रही है। पूरी खबर पढ़ें… महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री राज पुरोहित का 71 साल की उम्र में निधन वरिष्ठ बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री राज के. पुरोहित का बीमारी के बाद रविवार को 71 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने पार्टी के मुंबई शहर अध्यक्ष और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री के रूप में काम किया था। वे 2014-19 के बीच विधानसभा में बीजेपी के मुख्य सचेतक रहे। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि पुरोहित के निधन के बारे में जानकर उन्हें दुख हुआ। तावड़े ने X पर एक पोस्ट में कहा- मुंबई नगर निगम के पार्षद से लेकर विधायक और महाराष्ट्र विधानसभा में मंत्री तक, मेरे दोस्त राज पुरोहित एक लोकप्रिय जन प्रतिनिधि थे जो लोगों से गहराई से जुड़े हुए थे। दिल्ली में ₹5 करोड़ की ड्रग्स बरामद, दो नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार दिल्ली क्राइम ब्रांच ने एक इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट का खुलासा करते हुए लगभग ₹5 करोड़ की कोकीन और एमडीएमए ड्रग्स बरामद की है। पुलिस ने दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार भी किया है, जिसे सिंडिकेट ऑपरेट कर रहे थे। आरोपियों की पहचान फ्रैंक विटस उमे और संडे ओटू के रूप में हुई है। जांच में पता चला है कि ड्रग्स की सप्लाई दिल्ली और आसपास के राज्यों में की जा रही थी। नाइजीरिया में स्थित एक सरगना इस सिंडिकेट का संचालन कर रहा था। पुलिस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है। तमिलनाडु में बस में आग लगी, 36 यात्री सवार थे, सभी सुरक्षित तमिलनाडु के मरुचुकट्टी में शनिवार रात 10:50 बजे मदुरै-रामेश्वरम हाईवे पर परमाकुडी के पास एक बस में आग लग गई। रामेश्वरम से बेंगलुरु जा रही प्राइवेट स्लीपर बस में 36 यात्री सवार थे। सभी सुरक्षित हैं। मनमदुरै और परमाकुडी के फायर फाइटर ने आग बुझाई। पुलिस घटना की जांच कर रही है। मणिपुर के बिष्णुपुर में 2 मिलिटेंट गिरफ्तार मणिपुर में सिक्योरिटी फोर्स ने शनिवार को 2 मिलिटेंट को गिरफ्तार किया है। पुलिस ऑफिसर ने बताया कि चैरेल अहलप में बैन प्रीपाक-प्रो के एक मेंबर को गिरफ्तार किया। वहीं दूसरे पीपल्स लिबरेशन आर्मी के एक एक्टिव कैडर को बिष्णुपुर जिले के निंगथौखोंग खा खुनौ में उसके घर से पकड़ा गया।
उन्होंने कहा कि सिक्योरिटी फोर्स जिलों में सर्च ऑपरेशन और एरिया डोमिनेशन जारी रखे हुए है। इस बीच, कांगपोकपी जिले में सैकुल पुलिस स्टेशन की सीमा के तहत अलग-अलग जगहों पर एक हफ्ते तक चले ड्राइव के दौरान, सिक्योरिटी वालों ने 306 एकड़ में लगी गैर-कानूनी अफीम की खेती को खत्म कर दिया। चार धाम मंदिर परिसरों में कैमरे-मोबाइल पर रोक उत्तराखंड की चार धाम तीर्थयात्रा के मंदिर परिसरों में मोबाइल और कैमरों पर पूरी तरह से बैन रहेगा। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने बताया कि मंदिर परिसरों में मोबाइल फोन और कैमरों की अनुमति देने से दर्शन में कई समस्याएं आ रही थीं। इसके बाद मोबाइल फोन और कैमरों पर प्रतिबंधित करने का फैसला किया गया। मंदिर में प्रवेश करने से पहले अपने मोबाइल-कैमरे जमा करने होंगे। दिल्ली से पटना जा रही तेजस एक्सप्रेस को बम से उड़ाने की धमकी मिली, ट्रेन अलीगढ़ में 31 मिनट खड़ी रही दिल्ली से पटना जा रही तेजस राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन को शनिवार की देर रात को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ट्रेन उस वक्त उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से गुजर रही थी। इसके बाद वहीं ट्रेन को रोका गया और जांच की गई। जांच में कुछ नहीं मिलने के बाद करीब 31 मिनट बाद ट्रेन को आगे बढ़ाया गया। तेजस राजधानी दरअसल राजधानी एक्सप्रेस का ही अपग्रेडेड वर्जन है। इसमें बेहतर इंटीरियर, आधुनिक LED डिस्प्ले और ऑटोमैटिक दरवाजे जैसी सुविधाएं हैं। कर्नाटक के देवनहल्ली में तेज रफ्तार टिपर लॉरी ने बाइक को मारी टक्कर, 3 युवकों की मौत कर्नाटक के देवनहल्ली तालुक में स्टेट हाईवे पर अगालाकोट गांव के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार टिपर लॉरी ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी, जिससे तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों युवक देवनहल्ली से बुडिगेरे रोड की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद लॉरी चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और मामला दर्ज कर फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी गई है। दिल्ली नगर निगम का रिकॉर्ड, साल 2025-26 में 2700 करोड़ से ज्यादा का प्रॉपर्टी टैक्स वसूला दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रॉपर्टी टैक्स कलेक्शन के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है। 31 दिसंबर 2025 तक एमसीडी के असेसमेंट एंड कलेक्शन विभाग ने 2700 करोड़ रुपए से ज्यादा का प्रॉपर्टी टैक्स वसूला है। यह पिछले साल की तुलना में करीब 45% ज्यादा है। इस दौरान प्रॉपर्टी टैक्सपेयर की संख्या बढ़कर 12,43,375 हो गई है। जो कि साल 2024-25 में कुल 10,31,177 थे।


