मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में 22 जनवरी से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने और उससे बादल छाने, आंधी चलने, बिजली चमकने के साथ कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है। इसके चलते मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। राजस्थान उत्तर-पूर्वी हिस्सों में सोमवार से मौसम में बदलाव देखने को मिला। जयपुर, भरतपुर, अलवर, दौसा, सीकर समेत कई जिलों में आसमान में हल्के बादल छाने के साथ धुंध रही। कुछ स्थानों पर घना कोहरा रहा। इस कारण कल 8 शहराें की एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लेवल भी खराब स्तर पर दर्ज हुआ। दिन में फिर बढ़ी सर्दी मौसम के इस बदलाव से सोमवार दिन के अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट भी हुई, जिससे लोगों को दिन में अन्य दिनों की तुलना में थोड़ी ज्यादा सर्दी महसूस हुई। पिछले 24 घंटे में जयपुर, अजमेर, भरतपुर संभाग के एरिया में हल्के बादल छाने के साथ कोहरा रहा। हालांकि उत्तरी हवा कमजोर रहने से तापमान में कोई बड़ी गिरावट नहीं हुई। हवा फिर से खराब हुई कोहरा और बादल छाने से सोमवार को भिवाड़ी, बीकानेर, बहरोड़ के एरिया में AQI लेवल 300 के ऊपर रहा। भिवाड़ी का AQI लेवल 344, बहरोड़ का 337, बीकानेर का 303 दर्ज हुआ। वहीं जयपुर, चूरू, जैसलमेर, झुंझुनूूं, सीकर और टोंक का भी AQI लेवल 200 से 300 के बीच दर्ज हुआ। दिन का तापमान गिरा, धूप कमजोर रही बादल और धुंध का असर सोमवार दिन में धूप पर भी रहा। जयपुर, भरतपुर, अजमेर संभाग के एरिया में धूप बहुत कमजोर रही और कई जगह दोपहर में हल्का अंधेरा-सा छा गया। बादलों के चलते अधिकतम तापमान में गिरावट हुई, जिससे दिन में सर्दी का असर थोड़ा ज्यादा रहा।


