भास्कर न्यूज | बाड़मेर साध्वी ऋतंभरा के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में वात्सल्य सेवा केन्द्र बाड़मेर में आयोजित सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के सातवें दिन सोमवार को साध्वी सत्यसिद्धा ने प्रवचन दिए। उन्होंने कहा कि मां की ममता से बढ़कर इस दुनिया में कुछ नहीं है। मां हमेशा निस्वार्थ भाव से अपने बच्चों का लालन-पालन करती है और उसका ममत्व कभी कम नहीं होता। साध्वी सत्यसिद्धा ने कहा कि भगवान शिव व माता पार्वती की कथा अत्यंत विशाल है। माता पार्वती अपने पुत्र गणेश के प्रति कितना स्नेह रखती थीं, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। मां नौ माह तक संतान को कोख में धारण करती है और जब बच्चे बड़े हो जाते हैं, तब भी उनके घर लौटने तक माता भोजन नहीं करती। हर परिस्थिति में वह अपने बच्चों का ध्यान रखती है। उन्होंने सभी से माता-पिता की सेवा करने का आह्वान किया तथा बहुओं से आग्रह किया कि वे प्रातःकाल सास-ससुर के चरण स्पर्श करें। इस अवसर पर पोकरण विधायक व महंत स्वामी प्रतापपुरी महाराज ने कहा कि वात्सल्य सेवा केन्द्र में साक्षात मां भगवती स्वरूपा साध्वी की ओर से बालिकाओं का लालन-पालन किया जा रहा है। उन्होंने ट्रस्टियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी तन-मन-धन से मां भारती की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में आयोजित होने वाले हिंदू सम्मेलन का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंदुओं को जागृत रहने का समय आ गया है और मां भारती की सेवा हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में हिंदू सम्मेलनों में भाग लेने का आह्वान किया। साथ ही बताया कि तारातरा मठ के पास भी निराश्रित बालिकाओं के लिए आश्रम खोला जाएगा। पनाणियों का तला मठ के महंत जगरामपुरी महाराज ने कहा कि समाज को संगठित रहकर गौ-रक्षा, बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि साध्वी इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही हैं। चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल ने कहा कि निराश्रित बेटियों को उच्च शिक्षा और संस्कार देना हम सभी की जिम्मेदारी है। वात्सल्य सेवा केन्द्र में गुरुकुल पद्धति से बालिकाओं को संस्कारित किया जा रहा है, जो गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि एक संस्कारित बेटा एक परिवार का और एक संस्कारित बेटी पूरे समाज का कल्याण करती है। इस अवसर पर मंगलवार से प्रारंभ होने वाले संत समागम व हिंदू सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में वात्सल्य सेवा केन्द्र के अध्यक्ष ओमप्रकाश मेहता, श्रवणकुमार डूंगरोमल माहेश्वरी, भाजपा नेता दिलीप पालीवाल, ओमप्रकाश चंडक, सचिव पुरुषोत्तम गुप्ता, पांचाराम मेघवाल, संपतराज लूणिया, नवीन सिंघल, पथमेड़ा गौशाला प्रभारी कंवरराज सिंह, भारत विकास परिषद अध्यक्ष पुरुषोत्तम खत्री, उपाध्यक्ष रामकुमार जोशी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कथा में प्रतिदिन भोजन प्रसादी भामाशाह ओमप्रकाश माली व सहयोगी शिवसिंह की ओर से कराई जा रही है। बालिकाओं ने भगवान भोलेनाथ के भजनों पर नृत्य प्रस्तुति दी। वात्सल्य सेवा केन्द्र के अध्यक्ष ओमप्रकाश मेहता ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए भगवान महावीर टाउनहॉल एवं विश्वकर्मा सर्किल से कथा स्थल तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे तक बसों की व्यवस्था रहेगी।


