भास्कर संवाददाता| बांसवाड़ा डॉ. अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी राजस्थान की नवगठित कार्यकारिणी के नेतृत्व में प्रदेश के सभी जिला अध्यक्ष व सदस्यों की बैठक जयपुर में आयोजित हुई। सोसायटी ने समाज के लोगों से अपनी आय का 10 प्रतिशत बाबासाहेब टैक्स के रूप में सामाजिक कार्यों के लिए दान करने का आव्हान किया। साथ ही पूर्व कार्यकारिणी की वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए स्वतंत्र जांच समिति गठित करने पर सहमति बनी। बैठक में कुल प्रस्ताव पारित किए गए हैं। बैठक की अध्यक्षता समिति के संस्थापक सदस्य व पूर्व अध्यक्ष डॉ. हनुमान प्रसाद ने की। इस दौरान समिति के चार पूर्व अध्यक्षों की उपस्थिति रही। महासचिव डॉ. चेतराम रायपुरिया ने बताया कि बैठक में 16 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में समिति के संविधान संशोधन का प्रस्ताव रखा गया। बांसवाड़ा से जिला अध्यक्ष कोदरलाल परमार, महासचिव मणिलाल यादव और आजीवन सदस्य डॉ. पूंजीलाल यादव ने भाग लेकर सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष सत्यवीर सिंह (सेवानिवृत्त आईजी) का फूलमाला व पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। साथ ही महासचिव डॉ. चेतराम रायपुरिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद बेरवा और कोषाध्यक्ष दयानंद सकरवाल का भी अभिनंदन किया गया। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों सहित विभिन्न जिलों से आए करीब 300 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।


