बांसवाड़ा| राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में सोमवार को पंचायत समिति घाटोल की ग्राम पंचायत ठिकरिया चन्द्रावत में विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्राधिकरण सचिव कौशल सिंह एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (तालुका विधिक सेवा समिति घाटोल के अध्यक्ष) विकास जैन उपस्थित रहे। प्राधिकरण सचिव कौशल सिंह ने बताया कि शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के माध्यम से आमजन को केंद्र व राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मौके पर ही पहचान की प्रक्रिया भी विभागों द्वारा की गई। उन्होंने बताया कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार शिविर में मानसिक स्वास्थ्य विषय पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विकास जैन ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। शिविर में श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, रोजगार कार्यालय, महिला अधिकारिता विभाग एवं चिकित्सा विभाग के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।


