भास्कर न्यूज | बाड़मेर ग्राम पंचायत मारूड़ी में सोमवार को प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय जसाई की ओर से ऊंट पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर प्रभारी पशु चिकित्सा अधिकारी जसाई डॉ. धर्मपाल ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 80 ऊंटों का खुजली रोग से बचाव के लिए इंजेक्शन लगाकर उपचार किया गया। वहीं 10 ऊंटों का सर्रा रोग से बचाव के लिए टीकाकरण किया गया। शिविर के दौरान वर्तमान में संचालित मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत ग्राम मारूड़ी निवासी गोखलाराम राईका के 10 ऊंटों का पंजीकरण किया गया। डॉ. धर्मपाल ने बताया कि इस योजना के तहत एक ऊंट पालक अपने अधिकतम 10 ऊंटों का निशुल्क पंजीकरण करवा सकता है। योजना के अंतर्गत भविष्य में ऊंट की मृत्यु होने पर प्रति ऊंट 40 हजार रुपए का बीमा क्लेम प्रदान किया जाता है। इस प्रकार एक ऊंट पालक 10 ऊंटों के लिए अधिकतम 4 लाख रुपए तक की सहायता राशि सरकार से प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत ऊंटनी की ओर से बच्चे को जन्म देने पर कुल दो किस्तों में 20 हजार रुपए की सहायता राशि पशुपालन विभाग की ओर से प्रदान की जाती है। इस योजना से राज्य पशु ऊंट की लगातार घटती संख्या को नियंत्रित करने में सफलता मिली है। ऊंट पालकों को ऊंट पालन के लिए आर्थिक संबल प्राप्त हो रहा है। पशु चिकित्सा शिविर में पशुधन निरीक्षक राउराम जसाई, रवि कुमार, नरेन्द्र कुमार जूनापतरासर एवं देवेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।


