बाड़मेर | शहर के रामनगर इलाके में मकर संक्रांति के दिन हुई नकबजनी की वारदात का रीको थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने ऑपरेशन खुलासा के तहत कार्रवाई करते हुए शातिर चोर को दबोचा, जो खुद को मजबूर मजदूर बताकर पुलिस और समाज की आंखों में धूल झोंकता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया 15 तोला चांदी का कंदौरा बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी सवाईराम जोगी निवासी जोगियों की मगरी शातिर चोर है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि वह खुद को मजदूर बताता था, ताकि किसी को शक न हो। 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन रामनगर में दमाराम जाट के घर की रैकी की। आरोपी घने बबूल की झाड़ियों के बीच से होता हुआ घर के पीछे पहुंचा और दीवार फांदकर कमरे में रखी पेटी से चांदी का कंदौरा चोरी कर फरार हो गया। पीड़ित दमाराम ने 14 जनवरी को रीको थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।


