मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस का विरोध

भास्कर न्यूज | बाड़मेर/ चौहटन राजस्थान में चल रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की आड़ में सत्यापित मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के गंभीर मामले सामने आए हैं। इस संबंध में सोमवार को मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं बायतु विधायक हरीश चौधरी, सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा, पूर्व मंत्री गफूर अहमद, पूर्व विधायक पदमाराम मेघवाल की मौजूदगी में जिला कलेक्टर टीना डाबी व उपखंड अधिकारी चौहटन को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया कि इस एसआईआर को लेकर कई आपत्तियां आई जिसमें बीएलए- 2 ने परिपत्र 7 भरा ही नहीं ओर इसमें फर्जी हस्ताक्षर किए गए है। जिन्होंने यह कृत्य किया उनके खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई तक नहीं हुई जिसको लेकर कई संदेह है। इस मौके पर हरीश चौधरी ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में सत्यापित मतदाता होने के बावजूद फार्म- 7 के माध्यम से बिना संबंधित मतदाता को सूचना दिए तथा आवश्यक दस्तावेजों की समुचित जांच किए बिना नाम विलोपित किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह साजिश प्रत्येक पंचायत स्तर पर चल रही है, हरीश चौधरी ने बताया कि कुछ मामलों में निरक्षर महिलाओं के कथित तौर पर झूठे हस्ताक्षर कराए जाने, पति-पत्नी के नाम अलग-अलग काटे जाने तथा सत्यापित मतदाताओं को अन्यत्र स्थानांतरित दर्शाने जैसी गंभीर शिकायतें भी सामने आई हैं। उन्होंने बताया कि जिन बीएलए-2 के नाम व हस्ताक्षर से फार्म-7 भरे जा रहे हैं, उन्हें स्वयं इसकी जानकारी तक नहीं है, बल्कि भाजपा से जुड़े कुछ बीएलए-2 ने व्यक्तिगत रूप से मिलकर इस कथित षड्यंत्र की जानकारी दी। ज्ञापन में फार्म-7 के माध्यम से प्रस्तुत सभी आपत्तियों की विशेष व निष्पक्ष जांच कराने, सत्यापन के बाद मतदाता सूची से नाम काटने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषी व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। हरीश चौधरी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि धीरे-धीरे देश की प्रत्येक संस्था को कमजोर किया जा रहा है और चुनाव आयोग से अपेक्षा है कि वह इस गंभीर मामले में संज्ञान लेकर लोकतंत्र की रक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि संवैधानिक प्रावधानों को ताक पर रखकर सरकार व चुनाव आयोग एक तरफा कार्यवाही कर रहे हैं जो लोकतांत्रिक व्यवस्था में कतई स्वीकार्य नहीं है। इस दौरान सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने कहा कि एसआईआर के नाम पर भोले भाले लोगों के नाम फर्जी तरीके से हटाकर लोगों को मतदान से वंचित करने की भाजपा की बुरी मंशा के विरुद्ध बाड़मेर जिले के सेड़वा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के लोगों के नाम काटे जाने को लेकर विशाल जनसमूह की उपस्थिति में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज करवाया। इसी तरह जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा ने बताया कि भाजपा सरकार के दबाव में प्रशासन की ओर से मतदाता सूचियों से बिना वजह लोगों के नाम काटना लोकतंत्र पर हमला है। इस दौरान पूर्व राज्य मंत्री गफूर अहमद, पीसीसी सदस्य ठाकराराम माली, सेड़वा प्रधान रमेश भील, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चौहटन तिलोक पोटलिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सेड़वा दीन मोहम्मद, धनाऊ उप-प्रधान शूजा मोहम्मद, सेड़वा उप-प्रधान रूगनाथ राम विश्नोई, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव नवाज दर्श, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव किशन कागा समेत सैकड़ों ग्रामीणों के साथ उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा तथा मामले की सम्पूर्ण जांच की मांग की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *