आधार सेवाओं को सुलभ एवं पारदर्शी बनाएं: कलेक्टर

भास्कर न्यूज | बाड़मेर जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जिला कलेक्टर टीना डाबी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक के दौरान बाड़मेर जिले में संचालित आधार केन्द्रों की समीक्षा के साथ संबंधित महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान जिला कलेक्टर टीना डाबी ने कहा कि आधार सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने जिले में संचालित आधार केन्द्रों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार नामांकन को बढ़ाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने जिले में 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग तथा 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बच्चों के अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक अपडेट करने के लिए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को समस्त निजी एवं सरकारी विद्यालयों को आवश्यक आदेश जारी करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग से सामंजस्य स्थापित कर विद्यालय स्तर पर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इस दौरान 18 वर्ष से अधिक नागरिकों के आधार नामांकन के लिए जिला स्तर पर आधार सेंटर स्थापित करने पर विचार किया गया। इसके अलावा विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाले अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट शिविरों की समीक्षा, इन-हाउस मॉडल के अंतर्गत आधार सेंटर स्थापना, आधार में ओवर चार्जिंग एवं अनियमितताओं की रोकथाम के लिए आवश्यक उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *