ग्वालियर के उटीला में दो पड़ोसियों के बीच हुए झगड़े के बाद मारपीट और फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। यह विवाद सोमवार दोपहर हुआ था, जिसके बाद शाम को एक पड़ोसी ने अपने दोस्त और रिश्तेदारों को बुला लिया। हमलावरों में गैंगस्टर हरेंद्र राणा का ममेरा भाई भी शामिल बताया जा रहा है। आरोप है कि उसने मौके पर पहुंचकर पहले दूसरे पक्ष के साथ मारपीट की और फिर कट्टे से फायरिंग की। मारपीट के बाद फायरिंग करते हुए हमलावरों का CCTV फुटेज भी सामने आया है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज किया और हमला करने वालों में से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। हमलावर भागते हुए CCTV कैमरे में रिकॉर्ड उटीला थाना क्षेत्र के उटीला गांव निवासी 34 वर्षीय आशीष पाठक ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके पड़ोस में रहने वाले विवेक शुक्ला का गांव के ही कृष्णा जाट से विवाद हो गया था, जिसके दौरान दोनों के बीच मारपीट हुई थी। इसी विवाद का बदला लेने के लिए कृष्णा जाट अपने साथियों जितेंद्र जाट और विक्कू जाट के साथ गांव पहुंचा और विवेक शुक्ला के साथ मारपीट की। जब बदमाश विवेक शुक्ला से मारपीट कर रहे थे, तभी उसे बचाने पहुंचे आशीष पाठक पर आरोपियों ने कट्टे से फायरिंग कर दी। बताया गया है कि हमलावर विक्कू जाट शहरी बदमाश हरेंद्र राणा का ममेरा भाई है। 1 आरोपी गिरफ्तार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर कृष्णा जाट को गिरफ्तार कर लिया। फरियादी पक्ष ने रामकुमार गुर्जर की भी घटना में संलिप्तता की आशंका जताई है। पुलिस रामकुमार की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल के रास्ते में लगे CCTV कैमरों में हमलावर भागते हुए और कट्टा व बंदूक लहराते हुए एक्टिवा पर सवार नजर आए। फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। हमलावरों की तलाश जारी उटीला थाना पुलिस का कहना है कि मारपीट और फायरिंग के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


