डीएसपी कल्पना-कारोबारी टंडन कन्ट्रोवर्सी जांच रिपोर्ट पहुंची गृह मंत्रालय:1400 पेजों की फाइल अफसरों ने भेजी गृहमंत्रालय, कारोबारी ने पैसे मांगने- खुफिया जानकारी लीक करने का दिया बयान; DSP बोली सब झूठ

रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन ने दंतेवाड़ा की DSP कल्पना वर्मा पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की शिकायत पुलिस विभाग के अधिकारियों से की है। कारोबारी के आरोपों के बाद डीएसपी के परिजनों ने पुलिस को अलग शिकायत दी है। दोनों शिकायत की जांच करने पुलिस विभाग के अधिकारियों ने एएसपी के नेतृत्व में टीम का गठन किया था। एएसपी की टीम ने 30 दिन बाद जांच रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी। वरिष्ठ अधिकारियों ने डीएसपी कल्पना-कारोबारी टंडन कन्ट्रोवर्सी की रिपोर्ट गृहमंत्रालय को भेजी है। मंत्रालय से निर्देश आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई करने की बात पुलिस अधिकारी बोल रहे है। रिपोर्ट में महकमें की संवेदनशील जानकारी साझा करने का उल्लेख विभागीय अधिकारियों के अनुसार रिपोर्ट में दावा किया गया है कि महिला डीएसपी ने कारोबारी से न सिर्फ बड़ी रकम और महंगे गिफ्ट लिए, बल्कि माओवादी प्रभावित इलाकों से जुड़ी संवेदनशील खुफिया जानकारियां भी साझा कीं। डीएसपी ने अपने बयान में इस जानकारी को गलत बताया है। व्हाट्सएप चैट में खुफिया जानकारी साझा करने का जिक्र जांच रिपोर्ट में दोनों के बीच हुई वॉट्सऐप चैट का उल्लेख है, जिसमें पुलिस विभाग से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं भेजे जाने के संकेत मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक, इन चैट्स में माओवादी गतिविधियों, सुरक्षा बलों की तैनाती और ऑपरेशन से जुड़े इनपुट साझा किए जाने का दावा किया गया है। सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की खुफिया जानकारी का लीक होना राज्य की आंतरिक सुरक्षा से सीधा खिलवाड़ है और यह गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। बताया जा रहा है कि इस पहलू को लेकर उच्च स्तर पर रिपोर्ट तलब की गई थी, जिसे गोपनीय रखा गया है। कारोबारी ने 2.5 करोड़ की वसूली, गिफ्ट मांगने का लगाया आरोप कारोबारी दीपक टंडन ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2021 से महिला डीएसपी ने कथित तौर पर ‘लव ट्रैप’ के जरिए उनसे करीब 2.5 करोड़ रुपए की वसूली की। आरोपों में करीब 2 करोड़ रुपए नकद, एक लग्जरी कार, 12 लाख की डायमंड रिंग, 5 लाख रुपए के सोने के गहने और अन्य महंगे उपहार शामिल बताए गए हैं। कारोबारी का दावा है कि शिकायत के बावजूद कार और ज्वेलरी अब तक उन्हें वापस नहीं की गई है। भाई के नाम पर होटल खोलने के बहाने वसूली का आरोप जांच में यह आरोप भी सामने आया है कि महिला डीएसपी ने अपने भाई के नाम पर होटल खोलने के बहाने कारोबारी से करोड़ों रुपए लिए। इस पहलू पर अलग से जांच की मांग की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, रिपोर्ट में वित्तीय लेन-देन, बैंक ट्रांजैक्शन और प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेजों का भी विस्तृत विश्लेषण किया गया है। DSP ने आरोपों को बताया साजिश वहीं, महिला डीएसपी कल्पना वर्मा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा, बेबुनियाद और साजिश बताया है। उन्होंने कहा है कि वे जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग कर रही हैं और सच्चाई सामने आएगी। डीएसपी का दावा है कि उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से यह पूरा मामला खड़ा किया गया है। सरकार के फैसले पर टिकी निगाहें अब शासन के पास पहुंच चुकी इस विस्तृत जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि रिपोर्ट के निष्कर्ष सही पाए जाते हैं तो मामला न सिर्फ प्रशासनिक, बल्कि कानूनी और राष्ट्रीय सुरक्षा के स्तर तक गंभीर हो सकता है। फिलहाल पूरे प्रदेश की निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई हैं, क्योंकि यह मामला पुलिस महकमे की साख और सुरक्षा व्यवस्था दोनों से जुड़ा हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *