जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र के लहरिया रिसोर्ट के पास स्थित रामराज नगर में चोरों ने सूने मकान में सेंध लगाई। चोर मकान से 40 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी, 7.50 लाख की नकदी और सीसीटीवी की डीवीआर चुराकर ले गए। घटना के समय परिवार के लोग केरू स्थित गांव गए हुए थे। लौटे तो ताले टूटे हुए थे। अंदर अलमारियों के दरवाजे और बक्से खुले हुए मिले। परिवादी ने राजीव गांधी नगर थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस जांच में जुटी है। रामराज नगर निवासी महेंद्र सिंह ने रिपोर्ट देकर बताया कि वह अपने परिवार के साथ रविवार शाम को 7 बजे घर से परिवार के लिए केरू के लिए निकले। रात को गांव में ही रुके। सोमवार को दोपहर 3 बजे रामराज नगर आए, तब घर के दरवाजे खुले थे और अंदर सामान बिखरा हुआ था। अलमारियां खुली थी। चोर करीब 7.50 लाख नकदी, डेढ़ किलो चांदी और 40 तोला सोने के आभूषण चुराकर ले गए। घर में लगे सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए। चोर घर से 8 तोले के 2 बाजूबंद, 8 तोले के 2 हथफूल, ढाई तोले का 1 शीश फूल, 1 तोले का पुणछा, 3 तोले का गले का नेकलैस, 3 तोले का हाथ का ब्रेसलेट, 5 और 3 तोले की 2 चेन, साढ़े तीन तोले की रखड़ी सेट सहित अन्य आइटम चुराकर ले गए। उन्होंने कंट्रोल रूम में सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। फिलहाल चोरों का सुराग नहीं लग पाया है।


