हनुमानगढ़ जिले में नशीले पदार्थों के बढ़ते चलन के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाते हुए एमडी ड्रग, हेरोइन और अफीम सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रावतसर पुलिस ने एमडी ड्रग के साथ 3 लोगों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशील डारा उर्फ शिलु (35) निवासी चक 15-16 केडब्ल्यूडी, पंकज (29) निवासी शेरेकां, टिब्बी और करणी (38) निवासी भभूता सिद्ध कॉलोनी, हनुमानगढ़ टाउन के रूप में हुई है। सोमवार को रावतसर थाना पुलिस की टीम धन्नासर चौकी के सामने नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 1 ग्राम 40 मिलीग्राम मेड्रोफाइन ड्रग बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच रावतसर थानाधिकारी ईश्वरानंद को सौंपी गई है। इसी क्रम में पीलीबंगा पुलिस ने 50.49 ग्राम हेरोइन के साथ 3 लोगों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान कमलजीत उर्फ कमल (30) निवासी हासलियां, गोलूवाला, संदीप कुमार उर्फ सोनू (31) निवासी वार्ड 13, पीलीबंगा और विनोद (25) निवासी बीझबायला, श्रीगंगानगर के तौर पर हुई है। एसआई वीरचंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इन आरोपियों को बिजली बोर्ड के पास गौरव पथ रोड पर पकड़ा। उनके द्वारा इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी भी जब्त कर ली गई है। इस मामले की जांच थानाधिकारी जगदीश प्रसाद कर रहे हैं। उधर, गोगामेड़ी थाना पुलिस ने सोमवार देर शाम 52.68 ग्राम अफीम के साथ 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सोनू (19) निवासी नेठराना, हनुमानगढ़ और दिनेश (20) निवासी गुसाईयाना, सिरसा (हरियाणा) शामिल हैं। थानाधिकारी चंद्रकला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इन आरोपियों को गोगामेड़ी अस्थाई पुलिस चौकी के पास एक बाइक पर सवार होकर आते समय पकड़ा। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच भिरानी थानाधिकारी हनुमान प्रसाद को सौंपी गई है।


