पहाड़ी में 29 महिलाओं से 96 लाख की ठगी:राजीविका योजना के तहत रोजगार दिलाने के नाम पर बनाया शिकार

डीग जिले के पहाड़ी में एक सनसनीखेज ठगी का मामला सामने आया है। यहां राजीविका योजना के तहत रोजगार दिलाने के नाम पर 29 महिलाओं से करीब 96 लाख रुपए ठगे गए हैं। पीड़ित महिलाओं ने पहाड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। महिलाओं ने अपनी शिकायत में बताया कि अप्रैल 2025 में भरतपुर राजीविका केंद्र से निखिल नामक व्यक्ति ने उन्हें फोन किया। उसने रोजगार दिलाने का झांसा देकर महिलाओं को भरतपुर बुलाया और शिव सिंहा नामक व्यक्ति से मिलवाया। आरोपियों ने महिलाओं को साड़ी, चूड़ी, अगरबत्ती और मशीनें देकर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया। इसी झांसे में आकर धीरे-धीरे 29 महिलाओं से कुल 96 लाख रुपए वसूल लिए गए। ठगों ने कुछ महिलाओं को थोड़ा-बहुत सामान और मशीनों के कुछ हिस्से घर पर पहुंचाए, लेकिन उसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं किया। अधूरी मशीनें दी, फिर फोन उठाना बंद किया
पीड़ित महिला प्रीति ने बताया कि उनसे साड़ियों पर स्टोन लगाने वाली मशीन के लिए 4 लाख 60 हजार रुपए लिए गए, लेकिन उन्हें अधूरी मशीन दी गई। इसी तरह सोनवती नामक महिला से 7 लाख रुपए लेकर सेनेटरी पैड मशीन के केवल पुर्जे थमा दिए गए। अन्य महिलाओं के साथ भी इसी तरह की ठगी की गई है।
महिलाओं का आरोप है कि जब उन्होंने पूरी मशीनें और सामान की मांग की, तो आरोपी टालमटोल करने लगे और बाद में उनके फोन उठाना बंद कर दिया। उन्होंने राजीविका कार्यालय में भी शिकायत की, लेकिन वहां उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। पुलिस कर रही जांच
पहाड़ी थाना अधिकारी योगेंद्र ने इस मामले पर बताया कि उन्हें शिकायत मिल गई है और जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह मामला राजीविका विभाग से संबंधित है, और पहले वहां जांच चल रही है। विभाग द्वारा कार्रवाई होने के बाद पुलिस अपनी जांच आगे बढ़ाएगी, हालांकि पुलिस अपने स्तर पर भी पड़ताल कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *