धौलपुर पुलिस और यातायात पुलिस ने हाईवे और शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए कड़ा रुख अपनाया है। अब सड़क किनारे नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के पर्यवेक्षण में एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व वृत्ताधिकारी वृत्त धौलपुर कृष्ण राज जांगिड़ और ट्रैफिक प्रभारी बलविंदर सिंह ने किया।
अभियान के दौरान थाना सदर क्षेत्र में हाईवे पर नो पार्किंग में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को हटाया गया। वाहन चालकों और दुकानदारों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। इसके अतिरिक्त, शहर के व्यस्ततम मार्ग गुलाब बाग से जगदीश तिराहा तक दुकानों के सामने लगे अस्थायी अतिक्रमंबणों को भी हटाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि हाईवे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सड़क किनारे वाहन खड़े करने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है और यातायात बाधित होता है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही वाहन खड़े करें और नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन पार्क न करें। दुकानदारों को भी चेतावनी दी गई है कि वे अपने प्रतिष्ठान के सामने सड़क पर किसी भी प्रकार से वाहन खड़ा न होने दें।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यदि कोई दुकानदार निजी लाभ के लिए ग्राहकों को सड़क किनारे वाहन खड़ा करने की अनुमति देता है, तो ऐसे दुकानदारों के विरुद्ध भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


