बैतूल के बाबा मठारदेव मेले में सोमवार रात खाद्य विभाग की टीम ने एक दुकान से एक्सपायरी डेट की ब्रेड के 40 पैकेट जब्त किए। टीम ने मौके पर ही सभी पैकेट नष्ट कर दिए और दुकानदार को भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने की सख्त हिदायत दी। यह कार्रवाई कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर की गई। अभिहित अधिकारी शैलेंद्र बड़ोनिया के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पुरुषोत्तम भंडूरिया और संदीप पाटिल के नेतृत्व में विभाग की टीम ने मेले में लगे खाद्य स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान मंचूरियन, नूडल्स, मसाले, तेल, टमाटर सॉस और चावल सहित कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर चलित लैब में जांच की गई। यह अभियान ‘फूड सेफ्टी ऑन रोड’ और ‘जागो ग्राहक जागो’ के तहत चलाया गया। जांच दल में योगेश कुमार, राजेंद्र सूर्यवंशी और केमिस्ट हेमंत कीर भी शामिल थे। विभाग ने सभी दुकानदारों को साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, ग्राहकों से भी जागरूक रहने की अपील की गई। शिकायत के बाद की गई कार्रवाई इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, उपाध्यक्ष जगदीश पवार, सभापति भीम बहादुर थापा, प्रवीण सोनी और व्यवसायी राजेश आहूजा भी उपस्थित रहे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पुरुषोत्तम भंडूरिया ने बताया कि मेले में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को दिए जाने वाले भोजन की शिकायत मिली थी। जांच में पूरियां और रोटियां थोड़ी कड़क पाई गईं, जिसके बाद ठेकेदार को भोजन की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की नियमित जांच जारी रहेगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ कोई खिलवाड़ न हो और उन्हें सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।


