सतना के प्राचीन खेरमाई मंदिर में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात चोरी हो गई। अज्ञात बदमाशों ने मंदिर से 2 किलो चांदी के तीन छत्र चुरा लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों ने मंदिर के पांच ताले तोड़े। मुख्य द्वार का ताला तोड़ने में असफल रहने पर उन्होंने दरवाजे का निचला हिस्सा तोड़कर प्रवेश किया। इसके बाद वे चांदी के तीन छत्र लेकर फरार हो गए, जिनका कुल वजन 2 किलोग्राम बताया गया है। सुबह करीब 5:30 बजे पूजा करने पहुंचे भक्तों ने मंदिर के ताले टूटे देखे। उन्होंने तुरंत पुजारी अजय कुमार को सूचना दी, जिन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली टीआई रावेंद्र द्विवेदी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। फोरेंसिक टीम ने मंदिर के गेट और अन्य स्थानों से फिंगरप्रिंट लिए। हालांकि, डॉग स्क्वाड को कोई खास सफलता नहीं मिल पाई। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। कुछ दिन पहले जगतदेव तालाब स्थित मंदिर में भी चोरी और ताला तोड़ने की कोशिश की घटना सामने आई थी। 11 जनवरी की रात करीब 2:05 बजे दो संदिग्ध युवक बाइक से मंदिर परिसर पहुंचे थे और 2:31 बजे खेरमाई रोड की ओर रवाना हो गए थे। उस घटना के बाद भी मंदिर का ताला टूटा हुआ पाया गया था।


