ग्वालियर में युवक को बंधक बनाकर मोबाइल छीनने वाले गिरफ्तार:यूपी के मथुरा-आगरा से स्कॉर्पियो में आए थे बदमाश,रास्ता दिखाने के बहाने गाड़ी में बैठाया और लूट लिया

ग्वालियर के थाटीपुर थाना पुलिस ने यूपी के मथुरा और आगरा से वारदात करने आए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने टाउनशिप का पता पूछने के बहाने एक युवक को स्कॉर्पियो में बैठाया और फिर उसे बंधक बनाकर हाईवे के सुनसान इलाके में ले जाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित चौधरी निवासी मथुरा, विक्रम जादौन निवासी आगरा और विवेक राजपूत निवासी आगरा के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और स्कॉर्पियो कार बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने इससे पहले भी कहीं इसी तरह की वारदात तो नहीं की है। रास्ता दिखाने के लिए गाड़ी में बैठाया था घटना 12 जनवरी की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच की है। दर्पण कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय प्रथम राठौर (जो पढ़ाई के साथ नौकरी भी करता है) खाना खाने के बाद टहलते हुए सिविल डिस्पेंसरी थाटीपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर की स्कॉर्पियो में सवार युवकों ने उससे सचिन तेंदुलकर मार्ग स्थित एक टाउनशिप का पता पूछा। प्रथम ने उन्हें रास्ता बता दिया। इसके बाद कार सवार युवकों ने कहा कि उन्हें रास्ता ठीक से समझ में नहीं आ रहा है और यदि प्रथम उनके साथ चलकर टाउनशिप तक पहुंचा दे तो वे उसे वापस उसी जगह छोड़ देंगे। भरोसा कर प्रथम स्कॉर्पियो में बैठ गया। कार में पहले से दो अन्य युवक मौजूद थे। आरोपियों ने युवक से मोबाइल छीन लिया जब स्कॉर्पियो टाउनशिप के सामने पहुंची तो प्रथम ने गाड़ी रोकने के लिए कहा, लेकिन बदमाशों ने गाड़ी नहीं रोकी और उसे सिरोल होते हुए हाईवे की ओर ले गए। हाईवे के पास एक सुनसान इलाके में गाड़ी रोककर बदमाशों ने उससे रुपए मांगे। रुपए नहीं मिलने पर उसकी तलाशी ली गई, लेकिन नकदी न मिलने पर बदमाशों ने उसका मोबाइल छीन लिया और पासवर्ड पूछकर उसे धमकाया। इसके बाद बदमाश स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए। लगातार ऑपरेट हो रहा था मोबाइल 18 जनवरी को जब प्रथम के पिता ने मोबाइल के बारे में पूछा, तब पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। इसके बाद पिता, बेटे को लेकर थाटीपुर थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को स्कॉर्पियो और लूटे गए मोबाइल के आधार पर अहम सुराग मिले। मोबाइल लगातार ऑपरेट हो रहा था। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर यूपी के मथुरा और आगरा से तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *