बैतूल नगरपालिका के 250 से अधिक कर्मचारियों ने वेतन में लगातार हो रही देरी के विरोध में आज से काली पट्टी बांधकर काम शुरू कर दिया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 26 जनवरी तक उनका वेतन भुगतान नहीं किया गया, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इस विरोध प्रदर्शन में सफाईकर्मी, कार्यालयीन स्टाफ और नगरपालिका की सभी शाखाओं के कर्मचारी शामिल हैं। कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि वेतन में देरी के साथ-साथ उनकी हाजिरी काटने जैसी कार्रवाई भी की जा रही है, जिससे उनमें और अधिक आक्रोश है। पहले ठेकेदारों का भुगतान, बाद में कर्मचारियों का कर्मचारियों का कहना है कि नगरपालिका सीएमओ सतीश मटसेनिया पहले ठेकेदारों को भुगतान करते हैं, उसके बाद ही कर्मचारियों का वेतन जारी किया जाता है। पहले हर महीने की 5 तारीख तक वेतन मिल जाता था, लेकिन पिछले एक साल से स्थिति बिगड़ गई है और अब वेतन 28 तारीख तक टल जाता है। कर्मचारियों ने बताया कि वेतन में देरी के कारण उन्हें अपनी ईएमआई, बच्चों की फीस और अन्य घरेलू खर्चों का भुगतान करने में भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन पर राजस्व वसूली बढ़ाने का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि वे हर साल लगभग 60 प्रतिशत राजस्व लक्ष्य पूरा कर रहे हैं। इस संबंध में जब सीएमओ सतीश मटसेनिया से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने मैसेज का कोई जवाब नहीं दिया।


