पेड़ से लटकी मिली लाश मामले में खुलासा:गांव के चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज; पोस्टमार्टम में मौत से पहले मारपीट की पुष्टि

भिंड जिले के बजरंगगढ़ अकोड़ा गांव में 11 जनवरी को पेड़ से लटकी मिली सुखबीर बघेल की मौत की गुत्थी सुलझ गई है। शुरुआती जांच में जिसे आत्महत्या माना जा रहा था, वह दरअसल बेरहमी से की गई हत्या निकली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान और मारपीट की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने गांव के ही चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया है। 55 वर्षीय सुखबीर बघेल (पुत्र रामाधार बघेल) का शव गांव के पास बांध वाले खेत में बिंदिया के पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। उमरी थाना पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर जांच की, तो मृतक के सिर, हाथ और पैरों पर चोट के निशान मिले। इससे मामला संदिग्ध हो गया। परिजनों ने भी गांव के कुछ लोगों से पुराने विवाद की बात कही थी। डॉक्टरों की रिपोर्ट ने बदला केस का रुख
पुलिस ने शक के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टरों की रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि सुखबीर की मौत फंदे पर लटकने से नहीं, बल्कि मौत से पहले हुई जबरदस्त मारपीट और सिर में आई गंभीर चोटों व आंतरिक रक्तस्राव के कारण हुई थी। रिपोर्ट से साफ हो गया कि हत्यारों ने मारपीट कर उसे मार डाला और फिर सुसाइड का रूप देने के लिए लाश को पेड़ से लटका दिया। इन चार आरोपियों पर FIR दर्ज
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने मृतक के भाई सुरेश सिंह बघेल की शिकायत पर गांव के ही चार दबंगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है- “पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मारपीट की पुष्टि हुई है। मृतक के भाई की शिकायत पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।”- थाना प्रभारी, उमरी परिजनों के अनुसार आरोपियों से सुखबीर का पुराना विवाद चल रहा था। पुलिस अब इस एंगल की जांच कर रही है कि घटना वाले दिन क्या हुआ था और क्या इस वारदात में कुछ और लोग भी शामिल थे। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *