नीमच कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान दो बहनें जमीन पर लोटकर पहुंचीं। उन्होंने ग्राम सगराना में अपनी कृषि भूमि पर भू-माफिया की ओर से अवैध कब्जे और प्रशासनिक निष्क्रियता की शिकायत की। पीड़ित बहनों की पहचान गुड्डी बाई और उनकी बहन के रूप में हुई है। अवैध रूप से कब्जा कर पक्का मकान बनाया महिलाओं ने अधिकारियों को बताया कि गांव के बापू सिंह पिता हरी सिंह ने उनकी सर्वे नंबर 789 की 0.80 हेक्टेयर कृषि भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर पक्का मकान बना लिया है। पीड़ित परिवार ने पिछले डेढ़ साल में कलेक्टर कार्यालय में लगभग 30 बार शिकायतें दर्ज कराई हैं, लेकिन उन्हें हर बार केवल आश्वासन ही मिला। जान से मारने की धमकी देने का भी लगाया आरोप पीड़ित परिवार का आरोप है कि बापू सिंह उन्हें जान से मारने की धमकी देता है और अपनी राजनीतिक पहुंच का हवाला देता है। उनका कहना है कि सरकारी रिकॉर्ड में यह जमीन आज भी उनके नाम दर्ज है, फिर भी प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। राजस्व विभाग ने कार्रवाई का दिया आश्वासन महिलाओं के बेटे भगत सिंह ने जानकारी दी कि जब उनकी सामान्य शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हुई, तब उनकी मां और मौसी को विरोध का यह तरीका अपनाना पड़ा। इस घटना के तुरंत बाद नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को उठाया और उनकी शिकायत को गंभीरता से लिया। राजस्व विभाग ने आश्वासन दिया है कि 28 तारीख को विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जमीन का सीमांकन करेगी। विभाग ने अवैध कब्जा हटवाकर पीड़ितों को उनकी जमीन का हक दिलाने का वादा किया है। 30 शिकायतों के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन इस बार अपने वादे को पूरा करता है या नहीं।


