जालंधर के माता रानी चौक पर धरना:पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग, ट्रैफिक पूरी तरह बाधित

जालंधर के मॉडल हाउस इलाके में स्थित माता रानी चौक पर पुलिस कार्रवाई को लेकर लोगों ने धरना लगाया, जिससे कई प्रमुख रास्तों पर लंबा जाम लग गया। भार्गव कैंप में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस पर निष्पक्ष कार्रवाई न करने के आरोप लगे हैं। जानकारी के अनुसार, हाल ही में भार्गव कैंप क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान अजय घुम्मण के पिता पर दूसरे पक्ष को धमकी देने के आरोप लगाए गए थे। लोगों का कहना है कि पुलिस पहले एक युवक को काबू में लेकर गई और बाद में उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद उसके एक साथी को पुलिस अपने साथ ले गई, जिससे स्थानीय लोगों में रोष फैल गया। माता रानी चौक पर धरना प्रदर्शन इसी पुलिस कार्रवाई के विरोध में लोगों ने माता रानी चौक पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हाल ही में हुई आपसी झड़प के मामले में पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही। धरना दे रहे लोगों ने साफ कहा है कि जब तक उनके साथी को रिहा नहीं किया जाता और दूसरे पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। धरना प्रदर्शन से कई जगहों पर जाम लगा प्रदर्शनकारियों ने अजय कुमार और उसके भाई पर नशे से जुड़े गंभीर आरोप भी लगाए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष ने दो दिन पहले हुई घटना के दौरान इन आरोपों को बेबुनियाद बताया था। दूसरे पक्ष का कहना है कि यदि किसी के पास नशा खरीदने या बेचने से जुड़े कोई सबूत हैं, तो वे सामने लाए जाएं। इसी मांग को लेकर आज माता रानी चौक पर धरना लगाया गया। धरने के चलते श्री गुरु रविदास चौक और मॉडल हाउस से सटे कई प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सुबह से ही इन इलाकों में लंबा जाम लगा हुआ है। जाम के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों सहित आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, लेकिन वहां भी ट्रैफिक की स्थिति सामान्य नहीं है। बता दें कि इस पूरे मामले की शुरुआत बीते सोमवार को भार्गव कैंप इलाके में हुई थी। पहले दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। कुछ ही देर में दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इस दौरान कुछ लोगों को चोटें भी आई थीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया, लेकिन कार्रवाई को लेकर अब भी स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *