राजस्थान पोलो क्लब (आरपीसी) में बहुप्रतीक्षित जयपुर पोलो सीजन 2026 की शुरुआत हो गई है। यह सीजन 29 मार्च तक चलेगा और इसमें कई रोमांचक मैच आयोजित होंगे। इस सीजन का मुख्य आकर्षण एक बार फिर से 14 गोल का ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह जयपुर कप के लिए जयपुर ओपन टूर्नामेंट होगा। यह टूर्नामेंट 16 फरवरी से 21 फरवरी तक होगा। इस सीजन में, एक और बड़ा टूर्नामेंट 14 गोल वाला रैफल्स सिरमौर कप होगा, जो 9 फरवरी से 15 फरवरी तक आयोजित होगा। मंगलवार को राजस्थान पोलो ग्राउंड में सवाई पद्मनाभ सिंह, फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल पोलो (एफआईपी) के भारत के एम्बेसडर नरेंद्र सिंह, राजस्थान पोलो क्लब (आरपीसी) के ऑनरेरी सेक्रेटरी दिग्विजय सिंह और आरपीसी के जॉइंट सेक्रेटरी विक्रमादित्य बरकाना ने सीजन के मैचेज की जानकारी दी। मंगलवार को कालवाड़ के जलोई पोलो ग्राउंड में पोलो का मैच खेलने के लिए हेलिकॉप्टर से नवीन जिंदल के बेटे वेंकटेश जिंदल से पहुंचे। इसे देखने के लिए लाेगों की भीड़ उमड गई। पद्मनाभ सिंह ने बताया कि पिछले वर्षों की तरह, जयपुर पोलो सीजन में लेडीज़ पोलो मैच का आयोजन भी किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को हॉर्स पोलो के खेल में ज्यादा से ज्यादा हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। मैच की सफलता और जबरदस्त जोश को देखते हुए 22 फरवरी को प्रिंसेस दीया कुमारी फाउंडेशन (पीडीकेएफ) लेडीज पोलो कप 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस सीजन का पहला टूर्नामेंट राजमाता गायत्री देवी मेमोरियल कप (06 गोल) है। यह टूर्नामेंट 19 जनवरी से शुरू होकर 25 जनवरी तक चलेगा। इस सीजन के अन्य महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में 26 जनवरी से 1 फरवरी तक कोग्निवेरा पोलो कप (08 गोल), 2 फरवरी से 8 फरवरी तक द लीला महाराजा सवाई मान सिंह पोलो कप (08 गोल), 23 फरवरी से 1 मार्च तक राजस्थान टूरिज्म पोलो कप (06 गोल), 2 मार्च से 8 मार्च तक एसएमएस गोल्ड वास (04 गोल), 9 मार्च से 15 मार्च तक श्री सीमेंट कप, और दो आरपीसी कप (आउट ऑफ हैट फॉर्मेट) 16 मार्च से 22 मार्च और 23 मार्च से 29 मार्च तक आयोजित होंगे। इस पोलो सीजन में खेल के कुछ टॉप पोलो खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें मैनुअल एफ लोरेंटे (+6), सैंटियागो मारम्बियो (+6), एलेजो अरामबुरु (+6), डैनियल ओटामेंडी (+4), लांस वॉटसन (+4), सिमरन शेरगिल (+4), जयपुर के सवाई पद्मनाभ सिंह (+4), शमशीर अली (+4), सिद्धांत शर्मा (+3), ध्रुव पाल गोदारा (+2), भवानी कालवी (+2), कुलदीप सिंह राठौड़ (+2), राव हिम्मत सिंह बेदला (+1), सलीम आज़मी (+1) सहित कुछ आर्मी ऑफिसर शामिल हैं। युवा खिलाड़ियों के बीच पोलो के खेल को बढ़ावा देने और उभरती प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए, जयपुर जूनियर कप अंडर 21 आउट ऑफ हैट फॉर्मेट में 2 मार्च से 8 मार्च तक खेला जाएगा। राजस्थान पोलो क्लब ने होनहार युवा खिलाड़ियों को इंटरनेशनल ट्रेनिंग का मौका देने के लिए एक खास सालाना स्कॉलरशिप प्रोग्राम शुरू किया है। इस पहल के तहत, क्लब ने इस साल युवा खिलाड़ी आर्यमन सिंह को विश्व के अग्रणी पोलो डेस्टिनेशन में से एक, अर्जेंटीना में ट्रैवल और ट्रेनिंग करने में मदद की। इस सीजन में एग्जीबिशन मैचों में 24 जनवरी को रघु सिन्हा माला माथुर मेमोरियल कप आयोजित होगा, 26 जनवरी को एग्जीबिशन पोलो मैच, 7 फरवरी को केजीके पोलो कप, 14 फरवरी को ईटन कॉलेज बनाम मेयो कॉलेज मैच, 28 फरवरी को राजमाता पद्मिनी देवी ऑफ जयपुर इंटरनेशनल शील्ड और 9 मार्च को एग्जीबिशन पोलो मैच शामिल हैं।


