नाथ समाज के 7 लोगों पर मुकदमा दर्ज:शव सड़क पर रख धरना दिया था,पुलिस की गाड़ी की टक्कर से पलटा था जुगाड़

अकबरपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 248ए पर शव रखकर जाम व प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने नाथ समाज के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई है। असल में रविवार दोपहर 12 बजे जुगाड़ गाड़ी को पुलिस के वज्र वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी थी जिसके बाद जुगाड़ पलट गया और एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी जो भर्तृहरि धाम नाथ समाज के महासंगम में जा रहे थे। जिसके बाद समाज के लोगो ने शव को सड़क पर रख पांच घंटे तक सड़क जाम कर धरना दिया था। जिसमें भीड़ को उकसाने के आरोप व शव सड़क पर रख जाम करने के मामले में 7 लोगो पर मामला दर्ज किया है। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार रविवार दोपहर करीब 12 बजे नटनी का बारा से आगे माधोगढ़ की ओर एक जुगाड़ पलटने की घटना के बाद मृतक के शव को अलवर–जयपुर नेशनल हाईवे 248ए पर रखकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान करीब पांच घंटे तक हाईवे अवरुद्ध रहा और दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे आमजन और परीक्षार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुकदमे के अनुसार प्रदर्शनकारियों को पुलिस द्वारा बार-बार समझाइश दी गई कि शव को सड़क से हटाकर विधिक प्रक्रिया अपनाई जाए, लेकिन इसके बावजूद शव को हाईवे से नहीं हटाया गया और आवागमन बाधित किया गया। पुलिस ने मामले में नाथ समाज के कुम्हेर योगी, गीता योगी, गणेश योगी, अनिल योगी भारतीय, अरविंद योगी, पुखराज योगी (संयोजक) और शेरसिंह आजाद के खिलाफ धारा 223(ए), 285 बीएनएस एवं राजस्थान मृत शरीर सम्मान अधिनियम 2023 की धारा 17, 18 व 20 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि नेशनल हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन करना और यातायात बाधित करना कानूनन अपराध है। मामले की जांच अकबरपुर थानेदार करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *