धार शहर से लगे जैतपुरा स्थित शासकीय स्कूल के सामने से लंबे समय से जमा कचरे के ढेर को मंगलवार को हटा दिया गया है। दैनिक भास्कर डिजिटल में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और यह कार्रवाई की गई, जिससे स्कूली विद्यार्थियों और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। धार-इंदौर रोड पर स्थित इस स्कूल के ठीक सामने कचरे का अड्डा बना हुआ था। गंदगी और दुर्गंध के कारण विद्यार्थियों के साथ-साथ ग्रामीणों को भी आवागमन में परेशानी हो रही थी। बच्चों के स्वास्थ्य पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा था। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद दैनिक भास्कर डिजिटल ने इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर का संज्ञान लेते हुए स्वच्छ भारत मिशन की प्रियंका गवली, सरपंच वर्दी बाई जगदीश डावर और सचिव अजीत बोड़ाने मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन की मदद से शासकीय स्कूल के सामने जमा कचरे को पूरी तरह से साफ किया गया। कचरा हटने से स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति स्कूल के सामने कचरा फेंकता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।


