मध्यप्रदेश के राजस्व मंत्री एवं मुरैना जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा ने कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और किसानों का अपमान करना कांग्रेस की पुरानी परंपरा रही है। प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा मुरैना में भाजपा सरकार की जी-राम-जी योजना को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों द्वारा कांग्रेस विधायक के बयान पर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भाजपा की महिला इकाइयों ने इस बयान की निंदा करते हुए पुतले जलाए हैं, जो लोकतांत्रिक तरीके से विरोध का माध्यम है। पुराने बयान की याद दिलाई करण सिंह वर्मा ने कहा कि यह वही फूल सिंह बरैया हैं, जिन्होंने पहले दावा किया था कि मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं बनेगी और यदि बनी तो वे अपना मुंह काला करेंगे। लेकिन भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला और सरकार भी बनी। इसके बावजूद विधायक ने केवल गाल पर काजल का टीका लगाकर औपचारिकता निभाई। प्रभारी मंत्री ने दोहराया कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं और किसानों का अपमान किया है और यह उसका पुराना चरित्र रहा है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और समय-समय पर इसका जवाब भी देती रही है।


