मेड़ता सिटी नगरपालिका के वर्तमान बोर्ड की मंगलवार को आखिरी बजट बैठक हुई। इस बैठक में 84 करोड़ 90 हजार रुपए का बजट पारित किया गया। बैठक में शहर के विकास के लिए सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। वहीं विपक्ष ने भारी-भरकम बजट को लेकर पालिका से वर्तमान जमा पूंजी की जानकारी मांगी, जो उन्हें नहीं मिल पाई। सभी काम होंगे पूरे-पालिकाध्यक्ष मेड़ता नगरपालिका की बैठक विधायक लक्ष्मणराम कलरू, पालिकाध्यक्ष शोभा लाहोटी, पूर्व पालिकाध्यक्ष पवन परताणी की मौजूदगी में शुरू हुई। इस दौरान पालिकाध्यक्ष लाहोटी ने कहा कि शहर के विकास के लिए वर्तमान पालिका बोर्ड की इस आखिरी बैठक में हमने शहर के सभी मुद्दों को शामिल किया है। ऐसे में 84 करोड़ 90 हजार रुपए का बजट सर्वसम्मति से पास किया है। शहर के विकास के लिए बीजेपी और कांग्रेस सभी पार्षदों ने अपनी सहमति जताई है। हमारा कार्यकाल पूरा हो जाएगा मगर जो कार्य हमने पास किए है वो पूरे होकर रहेंगे। बैठक में विपक्षी पार्षद जाकीर खान, अमजद केके सहित अन्य पार्षदों ने शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए शीघ्र उचित कदम उठाने की मांग की। 251 फीट के ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज पर हुई चर्चा मीरा द्वार के पास लगे 251 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज को लेकर भी इस बैठक में चर्चा हुई। दरअसल इतने ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज पर जो 50 बाई 50 की साइज का ध्वज का कपड़ा लगता है, वो हवा के तेज की वजह से दो-तीन दिन में फट जाता है या फिर ठहर नहीं पाता है। ऐसे में एयर वेग के संबंध में टेक्निकल जानकारी लेकर इस समस्या का समाधान कराने के मुद्दे पर चर्चा की गई।


