धार जिले के सरदारपुर क्षेत्र में मतदाता सूची के गहन परीक्षण (एसआईआर) के दौरान फर्जीवाड़े का एक मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने मंगलवार को अपने कार्यालय में एक प्रेसवार्ता आयोजित की। इस दौरान दृष्टिहीन मतदाता सुभाष डामर भी मौजूद रहे। विधायक ग्रेवाल ने बताया कि सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र देदला-73 में यह घटना हुई। फर्जी व्यक्तियों ने सुभाष डामर पिता सारवणिया के नाम से आवेदन जमा कर तीन मतदाताओं – संजय, देवकन्या और रेखाबाई के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया। ग्रेवाल ने स्पष्ट किया कि सुभाष डामर ने कभी भी दावा-आपत्ति का कोई फॉर्म जमा नहीं किया है। सुभाष डामर दृष्टिहीन, दिव्यांग और अशिक्षित हैं, और वे केवल अंगूठा लगाते हैं। इसके बावजूद, फॉर्म पर हस्ताक्षर पाए गए हैं, जो फर्जीवाड़े की ओर स्पष्ट संकेत करता है। इस संबंध में, सुभाष डामर ने अपने परिजनों के साथ एसडीएम और एसडीओपी को आवेदन देकर फर्जी व्यक्तियों पर मामला दर्ज करने की मांग की। विधायक प्रताप ग्रेवाल ने भी मांग की कि एसडीएम कार्यालय में नाम हटाने के लिए फॉर्म जमा करने वाले लोगों की पहचान की जाए और उन पर कार्रवाई की जाए।


