मिस ग्लोब इंडिया 2025 की विजेता जैस्मीन राणा ऑफिशियल अनाउंसमेंट के लिए जयपुर पहुंचीं। इस अवसर पर मिस ग्लोब इंडिया के प्रमोशनल कार्यक्रमों की भी शुरुआत की गई। जैस्मीन राणा अगस्त माह में जयपुर में होने वाले भव्य आयोजन के तहत अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी और अल्बानिया में आयोजित होने वाले द मिस ग्लोब प्रतियोगिता में देश की ओर से भाग लेंगी। कार्यक्रम में फ्यूजन ग्रुप के फाउंडर डायरेक्टर और मिस राजस्थान के आयोजक योगेश मिश्रा एवं निमिषा मिश्रा ने जानकारी दी कि मिस ग्लोब इंडिया का ऑफिशियल अनाउंसमेंट जयपुर से किया जा रहा है, जो राजस्थान के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि इस मंच के माध्यम से देश की प्रतिभाशाली युवतियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। योगेश मिश्रा और निमिषा मिश्रा ने बताया कि पूर्व में यह टाइटल मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन के आईएम शी ब्यूटी पेजेंट के माध्यम से आयोजित किया जाता था, जबकि अब यह प्रतिष्ठित जिम्मेदारी फ्यूजन ग्रुप द्वारा निभाई जाएगी। इससे राजस्थान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी पेजेंट मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी। इस अवसर पर होटल प्राइम सफारी में पोस्टर लॉन्च कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि पवन गोयल सहित मिस ओशन वर्ल्ड की डायरेक्टर एकता जैन, सी.पी. राठौर, राघव गोयल, मिस ओशन इंडिया 2026 हीना ठाकुर, मिस फ्यूजन इंडिया 2025 अदिति शर्मा, ओरा वीरमानी और इशिता गोरवानी उपस्थित रहे। मिस ग्लोब इंडिया 2025 जैस्मीन राणा जयपुर में तीन दिवसीय प्रवास के दौरान टूरिज्म प्रमोशन गतिविधियों और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगी, जहां वह मिस ग्लोब प्रतियोगिता के महत्व और उद्देश्य के बारे में जानकारी देंगी।


