प्रतापगढ़ जिले की धोलापानी थाना पुलिस ने बाइक और फोन लूट के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कंवरलाल पुत्र श्यामलाल मोग्या (20) निवासी मेघपुरा, छोटीसादड़ी के रूप में हुई है। उसे प्रोडक्शन वारंट के जरिए हिरासत में लिया गया। यह मामला 2 अगस्त 2025 को दर्ज किया गया था। पीड़ित शिवलाल उर्फ देवीलाल मीणा निवासी हरमरा ने पुलिस को बताया था कि वह चंगेरा गांव, नीमच के पास काम करता है। घटना के दिन वह अपनी बाइक से अपने घर लौट रहा था। दोपहर करीब 3 बजे जब वह बरोल घाटा जंगल से बारा बावड़ी के बीच से गुजर रहा था, तभी छोटीसादड़ी की तरफ से आए अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी बाइक के आगे आकर झपट्टा मारा। लुटेरे उसकी बाइक, फोन और चार्जर छीनकर प्रतापगढ़ की ओर फरार हो गए। शिवलाल ने तत्काल अपने पिता मानचंद को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वे दोनों धोलापानी थाने पहुंचे और विस्तृत रिपोर्ट दर्ज कराई। धोलापानी थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309 (6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थानाधिकारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त कंवरलाल को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।


