आटे में मिलाकर रखा विस्फोटक, गर्भवती गाय का जबड़ा फटा:गुस्साए ग्रामीणों का थाने पर प्रदर्शन, थानाधिकारी बोले- 3 दिन में गिरफ्तार करेंगे आरोपी

जंगल में शिकार के लिए अवैध रूप से आटे में मिलाकर रखे गए विस्फोटक पदार्थ का सेवन करने से गर्भवती गाय का जबड़ा फट गया। ग्रामीण गाय को पिकअप में रखकर थाने ले गए, जहां आश्वासन मिलने के बाद उसे इलाज के लिए गोशाला ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। घटना मंगलवार को जिले के सोप थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुरा पंचायत के पास जंगल में हुई, जिसका आज सुबह 8 बजे पता चला। जंगल में लहूलुहान हालत में मिली गर्भवती गाय
क्षेत्र के नवाबगंज निवासी कैलाश गुर्जर ने बताया- मंगलवार सुबह करीब 8 बजे वह टॉयलेट के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर एक गाय पर पड़ी, जिसका जबड़ा बुरी तरह जख्मी था और खून बह रहा था। गाय की जीभ कटी हुई नीचे लटकी हुई थी। आसपास आटा भी मिला है। भयावह दृश्य देखकर वह घबरा गया और तुरंत गांव लौटकर ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जानकारी पर आमली नाका मोहम्मदपुरा के वन रक्षक गोविंद मीना, सोप थाने से हैड कॉन्स्टेबल जयसिंह राजावत और पशु चिकित्सक हितेश कुमार मीणा मौके पर पहुंचे। डॉक्टर ने कहा- विस्फोटक पदार्थ खाने से आई चोटें
पशु चिकित्सक हितेश कुमार मीणा ने गाय को देखकर बताया कि गाय ने संभवतः विस्फोटक पदार्थ खा लिया है, जिससे उसके मुंह और जबड़े में गंभीर चोटें आई हैं। यह चोट विस्फोटक सामग्री के संपर्क में आने से हुई प्रतीत होती है। गाय गर्भवती है, हादसे में उसके गर्भ को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। इससे आक्रोशित गोसेवक और ग्रामीणों ने घायल गाय को पिकअप में लेकर दोपहर 12 बजे सोप थाने के बाहर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और लोगों को आश्वस्त किया कि तीन दिन में आरोपियों को पकड़ को लिया जाएगा। करीब 15 मिनट में लोगों ने प्रदर्शन खत्म कर थाने के अंदर गए और रिपोर्ट दर्ज कराई। इस दौरान थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और 3 दिन में आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया। फिलहाल गाय का सवाई माधोपुर जिले के ज़ुवाड़ की कामधेनु गोशाला में इलाज जारी है। हालांकि उसके बचने की संभावना कम जताई गई है। गोसेवक बोले- जंगलों के शिकार के लिए रखे जा रहे विस्फोटक
गो-सेवकों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से जंगलों में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री रखी जा रही है। इससे पालतू पशु और वन्य जीवों के साथ-साथ खेतों में काम करने वाले किसानों, मजदूरों और राहगीरों की जान को भी गंभीर खतरा बना हुआ है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *